शिवाय से मिलने घर पहुंचे सिंधिया, गोद में बैठाकर किया प्यार

ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवाय गुप्ता के घर उससे मिलने पहुंचे। शिवाय का 13 फरवरी की सुबह उसकी मां की आंख में मिर्ची झोंककर दिनदहाड़े अपहरण हुआ था। शिवाय के अपहरण के बाद जब पुलिस का दबाब बढ़ा और सोशल मीडिया पर अपहरण की तस्वीरें तेजी से वायरल हुई तो अपहरणकर्ता शिवाय को मुरैना के काजी बसई गांव में छोड़कर भाग गए थे। बच्चे के मिलने के बाद केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने वीडियो कॉल पर परिवार से बातचीत की थी। साथ ही वादा किया था कि वह जल्द ही शिवाय से मिलने उसके घर आएंगे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मुरार की सीपी कॉलोनी में शक्कर कारोबारी राहुल गुप्ता के घर पहुंचे और शिवाय सहित पूरे परिवार से मुलाकात की और शिवाय को अपनी गोदी में बैठा लिया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह बच्चा बड़ा होकर प्रदेश का नवरत्न बनेगा। छह साल की उम्र में इतनी वीरता और बहादुरी के साथ संकट की घड़ी का सामना इस बच्चे ने किया है। यह अपने आप में बहुत बड़ा काम है। केन्द्रीय मंत्री ग्वालियर में शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दही मंडी पहुंचे और यहां कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद वह अपहरण कांड के पीड़ित छह साल के शिवाय गुप्ता से मिलने उसके घर पहुंचे। सिंधिया ने शिवाय के पास बैठकर उसके साथ फोटो खिंचवाए और उसे गोद में लेकर प्यार भी किया। इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवाय की मां आरती गुप्ता से भी बातचीत की। उनसे पूरी घटना को जाना कि किस तरह बदमाश दिनदहाड़े उनके हाथ से उनके मासूम बेटे को छीनकर ले गए थे। यहां केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवाय की मां को आश्वासन दिया है कि सभी आरोपी पकड़े जाएंगे और ऐसी घटना फिर किसी मां के साथ नहीं होगी। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवाय से मुलाकात करने के बाद कहा कि दिनदहाड़े एक मां के हाथ से उसके बच्चे को छीनने की घटना में पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और घेराबंदी की जिसका नतीजा शाम को ही अपहरण करने वालों ने शिवाय को छोड़ दिया। उसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा नहीं छोड़ा। सात में से पांच आरोपी अभी तक पकड़े जा चुके हैं। शेष दो आरोपी भी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।

Next Post

बहु-विषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान रतलाम भवन को ‘शून्य प्लस’ लेवल प्रमाणन 

Sat Feb 22 , 2025
परंपरागत ऊर्जा निर्भरता को कम करने पर मिला प्रमाण पत्र   नवभारत न्यूज रतलाम। ऊर्जा दक्षता ब्यूरो भारत सरकार, विद्युत मंत्रालय द्वारा नेट जीरो और नेट पॉजिटिव भवनों के लिए शुन्य लेवलिंग प्रोग्राम की शुरूआत किया गया है। इस प्रोग्राम का उद्देश्य बड़े आकार के भवनों पर सोलर सिस्टम लगाकर […]

You May Like