दुबई, 22 फरवरी (वार्ता) आईसीसी चैंपियंस ट्राफी में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले ग्रुप ए मुकाबले के लिये भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने जम कर नेट प्रैक्टिस की।
पिछले कुछ समय से खराब फार्म से जूझ रहे विराट का बल्ला चैंपियंस ट्राफी के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ भी नहीं चला था और वह 22 रन बना कर आउट हो गये थे। स्पिनर के सामने विराट खुद को असहज महसूस कर रहे हैं और इसका प्रमाण है कि वह पिछले मैच में बांग्लादेश के रिशाद हुसैन की घूमती गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। हाल ही विराट इंग्लैंड के खिलाफ एक दिवसीय सीरीज में आदिल रशीद के सामने संघर्ष करते नजर आये थे जबकि इससे पहले आस्ट्रेलिया सीरीज में उन्हे तेज गेंदबाजोें ने परेशान किया और बाहर जाती गेंदो को छेड़ने के प्रयास में उन्होने अपने विकेट गंवाये थे।
विराट को अच्छी तरह पता है कि कल का मैच उनके लिये कितनी अहमियत रखता है और यही कारण है कि वे दुबई के आईसीसी अकादमी में निर्धारित अभ्यास सत्र से पहले ही पहुंच गये और जम कर पसीना बहाया। उन्होने स्पिन गेंदबाजी के सामने अभ्यास किया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच गेंदबाजों के लिये मददगार साबित हुयी है।
भारत की रन मशीन कहे जाने वाले विराट 2023 से खराब फार्म से जूझ रहे हैं। हालांकि इस दौरान उनकी कुछ पारियां शानदार रहीं है मगर बल्लेबाजी में निरंतरता के अभाव में उन्हे आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा है।

