मध्यप्रदेश में दूसरे चरण में छह संसदीय क्षेत्रों में मतदान प्रारंभ

भोपाल, 26 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत मध्यप्रदेश में आज सुबह सात बजे छह संसदीय क्षेत्राें में सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान प्रारंभ हो गया और शाम छह बजे तक एक करोड़ 11 लाख 62 हजार से अधिक मतदाता 12,828 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।

इन छह संसदीय क्षेत्रों में खजुराहो से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा समेत 80 प्रत्याशियों की किस्मत दाव पर लगी है। सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ होने से डेढ़ घंटे पहले मॉकपोल की कार्यवाई को अंजाम दिया गया। पहले चरण में अपेक्षाकृत कम मतदान होने के कारण निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण में सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है। आज छह संसदीय सीटों टीकमगढ़, दमोह, सतना, रीवा, खजुराहो और होशंगाबाद में मतदान हो रहा है। मतदान के कारण संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक और सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि छह संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 11 लाख 62 हजार से अधिक है। इसमें 58 लाख 32 हजार से अधिक पुरुष, 53 लाख 29 हजार से अधिक महिलाएं और थर्ड जेंडर के 155 मतदाता शामिल हैं। कुल 12828 मतदान केंद्रों में से 1136 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित हैं। बत्तीस मतदान केंद्रों का संचालन दिव्यांग कर्मचारी कर रहे हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए 51 हजार से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया गया है। लगभग दस प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व रखे गए हैं। मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।

इन छह संसदीय क्षेत्रों में कुल 80 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 75 पुरुष, चार महिलाएं और एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर का शामिल है। सबसे अधिक 19 प्रत्याशी सतना संसदीय क्षेत्र में और सबसे कम सात प्रत्याशी टीकमगढ़ संसदीय क्षेत्र में हैं। इसके अलावा दमोह, खजुराहो और रीवा में 14-14 तथा होशंगाबाद में 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

दूसरे चरण में सबकी नजरें खजुराहो सीट पर विशेष रूप से टिकी हुईं हैं, जहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा सांसद श्री शर्मा चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने ये सीट अपने गठबंधन साथी समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दी थी, लेकिन यहां से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त हो गया। ऐसे में अब विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की ओर से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर बी प्रजापति को समर्थन देने की घोषणा की गई है।

वर्तमान में इन सभी छह सीटों पर भाजपा का कब्जा है। राज्य में कुल 29 लोकसभा सीट हैं, जिनमें से छिंदवाड़ा को छोड़कर शेष सभी 28 सीटों पर भाजपा का परचम लहरा रहा है। पहले चरण में छह सीटों पर मतदान 19 अप्रैल को हो चुका है और औसतन मतदान 67 प्रतिशत से कुछ अधिक रहा। यह प्रतिशत पिछली बार की तुलना में लगभग सात प्रतिशत कम रहा। दूसरे चरण में आज छह सीटों पर मतदान हो रहा है। नौ सीटों पर मतदान 07 मई को और शेष आठ सीटों मतदान अंतिम चरण में 13 मई को होगा। मतों की गिनती पूरे देश में एकसाथ चार जून को होगी। राज्य में सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ दल भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच ही है।

Next Post

लोकतंत्र को मजबूती देने अधिक से अधिक मतदान करें मतदाता: शर्मा

Fri Apr 26 , 2024
भोपाल, (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कल होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए मतदाताओं से आह्वान करते हुए आज कहा कि सजग और सक्रिय मतदाता ही लोकतंत्र के सबसे बड़े रक्षक हैं। प्रदेश के मतदाता भाई-बहन कल होने वाले मतदान में अधिक से […]

You May Like