रोहन कांबले ने हर्डल रेस में जीता कांस्य पदक

अहमदाबाद, (वार्ता) पश्चिम रेलवे में गुजरात के अहमदाबाद मण्डल के रोहन कांबले ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में हर्डल रेस में कांस्य पदक जीता।

वरिष्ठ मण्डल मेकेनिकल इंजीनियर (समन्वय) जगदंबा प्रसाद ने सोमवार को बताया कि अहमदाबाद डिवीजन के मैकेनिकल विभाग में जूनियर क्लर्क के पद पर कार्यरत रोहन गौतम कांबले ने आठ फरवरी से 12 फरवरी तक उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाधा दौड़ (हर्डल रेस) में कांस्य पदक जीता।

श्री जगदंबा प्रसाद ने बताया कि रोहन ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल रेस) स्पर्धा में भाग लिया और उसे 51.77 सेकंड में पूरा किया। इस अद्वितीय सफलता ने न केवल उनकी व्यक्तिगत क्षमता को प्रदर्शित किया बल्कि उन्होंने अहमदाबाद मण्डल का नाम भी रोशन किया है।

मण्डल रेल प्रबंधक अहमदाबाद सुधीर कुमार शर्मा ने श्री कांबले को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा, “रोहन की कड़ी मेहनत और समर्पण ने अहमदाबाद मण्डल को बहुत गौरवान्वित किया है। हम उनके भविष्य के प्रयासों में निरंतर सफलता की कामना करते हैं।”

रोहन की यह सफलता न केवल उनके एथलेटिक कौशल को प्रमाणित करती है, बल्कि यह उनकी दृढ़ता, प्रतिबद्धता और लगन की भी मिसाल है। उनके प्रयासों ने यह सिद्ध कर दिया कि कठिन मेहनत और समर्पण के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

Next Post

श्रीमंत झा ने जीता नॉर्वे पैरा आर्म रेसलिंग कप में रजत पदक

Tue Feb 18 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) पैरा एथलीट श्रीमंत झा ने नॉर्वे पैरा आर्म रेसलिंग कप में 85 प्लस किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार दुनिया के तीसरे और एशिया के नंबर वन आर्म रेशलर श्रीमंत झा ने एशिया पैरा-आर्म रेसलिंग […]

You May Like