मैरी कॉम, साइना नेहवाल और लिएंडर पेस नई खेल विशेषज्ञ सलाहकार समिति में

नयी दिल्ली (वार्ता) ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम, साइना नेहवाल और लिएंडर पेस 17 सदस्यीय नई खेल विशेषज्ञ सलाहकार समिति का अगुवाई करेंगे।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में गठित समिति में अटलांटा ओलंपिक 1996 के कांस्य पदक विजेता लिएंडर पेस, लंदन 2012 की कांस्य पदक विजेताओं में शामिल मैरी कॉम और साइना नेहवाल, शाइनी अब्राहम (एथलेटिक्स), हीना सिद्धू (निशानेबाजी), मेजर जनरल वीके भट्ट (रोइंग), जफर इकबाल (हॉकी), पीके गर्ग (सेलिंग), अर्मांडो कोलाको (फुटबॉल), अशोक कुमार (कुश्ती), भानु सचदेवा (स्विमिंग) और पारुल दलसुखभाई परमार (पैरा-बैडमिंटन) के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के सीईओ और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के टीम्स डिवीजन के कार्यकारी निदेशक भी समिति में हैं।

यह समिति जूनियर स्तर पर युवाओं की प्रतिभा की पहचान और विकास के लिए काम करेगी। इसके साथ ही इसका उद्देश्य राष्ट्रीय टीम के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और राष्ट्रीय शिविर में कोचिंग के स्तर की निगरानी करना भी है। समिति भारतीय और विदेशी कोचों का मूल्यांकन करने के साथ ही साथ राष्ट्रीय शिविर में खिलाड़ियों के विकास का भी विश्लेषण करेगी। समिति विश्व स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन की निगरानी करेगी, खिलाड़ियों की समस्याओं का समाधान नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के साथ मिलकर करेगी और दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर साई और एनएसएफएस को रणनीतिक सलाह देने का काम भी करेगी।

समिति का एक और लक्ष्य सेलेक्शन नीतियों पर कानूनी विवादों को कम करना और वैश्विक मानकों के अनुसार नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन की चीजों को बेहतर बनाना है।

खेलों की बेहतर निगरानी के लिए 17 सदस्यीय खेल विशेषज्ञ पैनल भी बनाया गया है, जिसमें शीर्ष एथलीट, अनुभवी कोच और अधिकारी शामिल हैं। इस पैनल में डोला बनर्जी (तीरंदाजी), भैरवी नाइक (साइकिलिंग), मोहन उक्क्रापंडियन (वॉलीबॉल), अल्का तोमर (कुश्ती), शिव सिंह (मुक्केबाजी), अश्विनी नचप्पा (एथलेटिक्स), रानी रामपाल (हॉकी), दीपक हुड्डा (कबड्डी) और विजेंदर सिंह (मुक्केबाजी) के नाम शामिल हैं। इसके अलावा आर.राजन (बास्केटबॉल), सौरव घोषाल (स्क्वैश), कवास बिलिमोरिया (जूडो), हंसा शर्मा (वेटलिफ्टिंग), देवेंद्र कुमार राठौर (जिमनास्टिक), देबाशीष बिस्वास (माउंटेन क्लाइंबिंग), राहुल चोकसी (मलखंब) और रचना शर्मा (एथलेटिक्स) भी इस पैनल का हिस्सा हैं।

Next Post

देव कुमार मीना ने राष्ट्रीय खेल में बनाया नया पोल वॉल्ट राष्ट्रीय रिकॉर्ड

Tue Feb 11 , 2025
देहरादून, 10 फरवरी (वार्ता) 38वें राष्ट्रीय खेल में एथलेटिक्स स्पर्धा के अंतर्गत, पोल वॉल्ट में मध्य प्रदेश के देव कुमार मीना ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना कर, सोमवार को इतिहास रच दिया। उन्होंने 5.32 मीटर की ऊँचाई पार कर 2022 में गुजरात में एस. सिवा द्वारा बनाए 5.31 मीटर के […]

You May Like