इंदौर। लसूड़िया पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये के नकली नोट और नोट बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अब तक 20 लाख से अधिक के नकली नोट बाजार में चला दिए गए हैं।
नागपुर में किराए के फ्लैट में तैयार हो रहे थे नकली नोट
गिरोह के सरगना मनप्रीत सिंह विर्क और मलकीत सिंह विर्क नागपुर में किराए के फ्लैट में अत्याधुनिक प्रिंटर और उपकरणों की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे। गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने की आशंका है, और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी और कार्रवाई का विवरण
20 जनवरी 2025 की रात पुलिस उपायुक्त श्री अभिनय विश्वकर्मा को गुप्त सूचना मिली कि देवास नाका के पास एक व्यक्ति नकली नोट लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम उर्फ पुष्पांशु रजक को पकड़ा, जिसके पास से 500 रुपये के कुल 46 नकली नोट बरामद किए गए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह नोट महिपाल उर्फ मोहित बेड़ा (नसरुल्लागंज, सीहोर) से खरीदे थे।
इसके बाद पुलिस ने महिपाल को गिरफ्तार किया, जिसने खुलासा किया कि ये नोट उसे नागपुर निवासी मनप्रीत सिंह विर्क से मिले थे। महिपाल ने अब तक 20 लाख रुपये के नकली नोट मनप्रीत से खरीदे और उन्हें अनुराग चौहान (सीहोर) और मोहसिन खान (इंदौर) को बेचा। इसके आधार पर पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य सरगना मनप्रीत सिंह विर्क को नागपुर से गिरफ्तार किया गया, जिसने बताया कि वह अपने साथी मलकीत सिंह विर्क के साथ मिलकर फ्लैट में ही नकली नोट तैयार करता था। इसके बाद पुलिस ने मलकीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया और नोट बनाने के उपकरण जब्त किए।
जब्त सामान
500 और 200 रुपये के नकली नोट छापने वाले 3 लेजर प्रिंटर
लैमिनेशन मशीन (2)
आरबीआई की पट्टी चिपकाने के लिए चमकीली पन्नी
नकली नोट छापे हुए 85 GSM कागज
लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण
500 रुपये के कुल 70 नकली नोट
नोट कटिंग के लिए काँच की टेबल
वॉटरमार्क इंक और अन्य सामग्री
गिरफ्तार आरोपी
1. मलकीत सिंह विर्क (28), नागपुर, महाराष्ट्र
2. मनप्रीत सिंह विर्क (26), नागपुर, महाराष्ट्र
3. महिपाल उर्फ मोहित बेड़ा (22), नसरुल्लागंज, सीहोर
4. अनुराग चौहान (22), रेहटी, सीहोर
5. मोहसिन खान (24), खजराना, इंदौर
6. शुभम उर्फ पुष्पांशु रजक (26), जबलपुर (वर्तमान में इंदौर)
पुलिस रिमांड पर जारी है पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के और भी सदस्य सामने आ सकते हैं।