जिनिंग फैक्ट्री के मुनीम से 15 लाख रुपए की लूट के मामले में एक गिरफ्तार

खरगोन, 31 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय स्थित एक जिनिंग फैक्ट्री के मुनीम से 15 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने आज एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि डाबरिया रोड स्थित कॉटन जिनिंग फैक्ट्री के मुनीम प्रकाश महाजन को चोट पहुंचाकर 15 लाख रुपए की लूट करने के मामले में आज कसरावद क्षेत्र के सायता निवासी प्रीतम सोलंकी को नर्मदा तट पर शराब का सेवन करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में सायता का ही एक अन्य राहुल पटेल चिन्हित हुआ है, जो फिलहाल फरार है। उन्होंने बताया कि लूट के बाद राहुल ने 10 लाख रुपए और प्रीतम ने पांच लाख रुपए रख लिए थे।
पुलिस ने प्रीतम के पास से चार लाख रुपए नगद जब्त किए। प्रीतम ने शेष एक लाख रुपए से फ्रिज, मोबाइल, पलंग और कपड़े (पन्द्रह शर्ट, पांच पेंट) खरीदे थे, उन्हें भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों के जाने के रास्ते के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
उन्होंने बताया कि राहुल पटेल के घर भी दबिश दी गई, जहां उसके पिता ने बताया कि 27 जनवरी को राहुल ने धार जिले के धामनोद स्थित एक बैंक में 50 हजार रुपए की लोन की किश्त जमा कराई है। बैंक से पचास हजार रुपए रिकवर कर जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए 23 जनवरी को बैंक से 15 लाख रुपए लेकर आ रहे मुनीम को घायल कर राशि लूट ली थी। राहुल को एक कार खरीदने के साथ उधारी भी चुकानी थी, जबकि प्रीतम को भी चीजों की आवश्यकता थी। वे अक्सर जीनिंग फैक्ट्री में कपास बेचने वालों के साथ आते थे और उन्हें जानकारी थी कि मुनीम बैंक से पैसे लाकर किसानों में वितरित करता है।

Next Post

डीजीपी ने किया सायबर सुरक्षा अभियान का शुभारंभ 

Fri Jan 31 , 2025
एक से 11 फरवरी तक चलेगा अभियान जनसंवाद के साथ होंगे अनेक कार्यक्रम भोपाल, 31 जनवरी. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा समाज में सायबर अपराधों एवं हिंसा की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सायबर सुरक्षा जन जागरुकता अभियान (सेफ क्लिक) चलाया […]

You May Like