भिंड, 28 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र में बारहवीं के एक छात्र की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गयी। आरोपियों ने 6 महीने पहले हुए एक झगड़े का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छात्र शिव रावत कल अपने दो दोस्त समर प्रताप राजावत और देवेश राजावत के साथ मोटर साइकिल से जा रहा था। तभी जीप ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। शिव रावत की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसके दोस्त समर प्रताप राजावत और देवेश राजावत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
पुलिस ने आरोपी सुमित राजावत, राम राजावत और हर्ष चैरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने पुरानी रंजिश में बदला लेने के लिए जानबूझकर मोटर साइकिल को टक्कर मारने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी ग्वालियर भागने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वारदात में जान गंवाने वाला शिव रावत रौन का ही रहने वाला था। 7-8 साल पहले उसके पिता की जयपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपनी मां कविता रावत और मामा के साथ रहता था। मां सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। वह रौन के एक निजी स्कूल में पढ़ता था। 6 महीने पहले स्कूल में ही उसका झगड़ा हर्ष चैरसिया और सुमित राजावत से हो गया था। स्कूल प्रशासन ने सुमित को स्कूल से निकाल दिया। पिता ने उसे ग्वालियर भेज दिया था। तब से ही सुमित इस बेइज्जती का बदला लेने की फिराक में था।

