देहरादून 28 जनवरी, (वार्ता) उत्तराखंड में मंगलवार से शुरु हो रहे राष्ट्रीय खेलों के 38वें संस्करण में देश भर से आये हजारों खिलाड़ी सहित रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े 50 से अधिक एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
इन खेलों में रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ी एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, शूटिंग, जूडो, भारोत्तोलन, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित आठ खेल प्रतियोगिताओं भाग लेंगे। इनमें फाउंडेशन से जुड़ी और टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन पेरिस ओलंपिक के बाद पहली बार किसी प्रतिस्पर्धा में भाग ले रही हैं। उनके साथ उभरती हुई जूडो सनसनी हिमांशी टोकस भी पदक की दौड़ में होंगी। इसी तरह एथलेटिक्स स्पर्धा में रिलायंस फाउंडेशन से जुड़ी ज्योति याराजी (100 मीटर बाधा दौड़), तेजस शिरसे (110 मीटर बाधा दौड़), मणिकांता होबलीधर (100 मीटर), अमलान बोरगोहेन (200 मीटर) और रोजी मीना पॉलराज (पोल वॉल्ट) राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक इन खेलों में भाग लेंगे। इसके अलावा अनिमेष कुजूर (2024 में भारत के सबसे तेज धावक), डीएम जयराम, बापी हंसदा और साक्षी चव्हाण जैसे उभरते सितारों का प्रदर्शन भी देखने लायक होगा। प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी आज शाम राष्ट्रीय खेलों के 38वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन के एथलेटिक्स डायरेक्टर जेम्स हिलियर ने कहा, “हम राष्ट्रीय खेलों को लेकर वाकई उत्साहित हैं। यह हमारे एथलीटों के लिए अपनी फिटनेस को जांचने और वे कितनी अच्छी तरह से प्रशिक्षण ले रहे हैं, इसका आकलन करने का एक मौका है हमें उम्मीद है कि हमारे एथलीट, काफी पदक जीतेंगे। यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण वर्ष है क्योंकि हमारे अधिकांश एथलीट 2025 में एशियाई चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे हैं।”
बैडमिंटन में, अनुपमा उपाध्याय, उन्नति हुड्डा और श्रीयांशी वलीशेट्टी की तिकड़ी महिला एकल खिताब के लिए दावेदारी पेश करेगी। टेबल टेनिस के दिग्गज जी साथियान पुरुष एकल स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करेंगे। निशानेबाजी में डबल एशियन गेम्स मेडलिस्ट पलक गुलिया (10 मीटर एयर पिस्टल) और मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन आशी चौकसे (10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन) पदक की दौड़ में शामिल हैं।
