
कुआलालंपुर 21 जनवरी (वार्ता) वैष्णवी शर्मा (पांच विकेट), आयुषी शुक्ला (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद जी तृषा के (नाबाद 27) रनों की पारी के दम पर भारतीय महिला टीम ने अंडर-19 विश्वकप में रिकार्ड महज 2.5 ओवर में लक्ष्य की प्राप्त कर मलेशिया को 10 विकेट से रौंद दिया।
मलेशिया के 31 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की जी तृषा और जी कमालिनी जोड़ी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 2.5 ओवरों में 32 रन बनाकर अपनी टीम को 10 विकेट से जीत दिला दी। जी तृषा ने 12 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए (नाबाद 27) रनों की पारी खेली। वहीं जी कमालिनी (नाबाद चार) रन बनाये।
इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर भारतीय अंडर-19 महिला टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मलेशिया की टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सकी। मैच के दौरान मलेशिया का कोई भी बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। मलेशिया के दो खिलाड़ियों ने पांच-पांच रन बनाये। शेष बल्लेबाजों का स्कोर इसके नीचे रहा। मलेशियाई बल्लेबाजों ने मात्र 20 रन बनाये और उसे 11 रन अतिरिक्त के रूप में प्राप्त हुए। भारतीय गेंदबाजों ने मलेशिया की पूरी टीम 14.3 ओवर में मात्र 31 के स्कोर पर ढ़ेर कर दिया।
भारत की ओर से वैष्णवी शर्मा ने पाँच रन देकर पांच विकेट और आयुषी शुक्ला ने आठ रन देकर तीन विकेट लिये। वीजे जोशिता ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
