शेयर बाजार में तेजी

मुंबई 20 जनवरी (वार्ता) अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति पद के दूसरे कार्यकाल के पहले घंटों में संभावित नीतिगत घोषणाओं की प्रतीक्षा और जापान में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद में विश्व बाजार के सकारात्मक रुख से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर विप्रो और कोटक महिंद्रा बैंक की उम्मीद से अधिक मजबूत तमाही नतीजे की बदौलत हुई चौतरफा लिवाली से आज शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ।

सूचना-प्रौद्याेगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी विप्रो लिमिटेड का वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा 24.48 प्रतिशत बढ़कर 3353.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसी तरह आलोच्य अवधि में कोटक महिंद्रा बैंक का शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 4701 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। उम्मीद से अधिक मजबूत परिणाम की बदौलत विप्रो के शेयर 6.49 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 9.15 प्रतिशत उछल गए।

इससे शेयर बाजार को बल मिला और बीएसई का तीस शेयराें वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 454.11 अंक अर्थात 0.59 प्रतिशत की छलांग लगाकर 77 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 77,073.44 अंक तथा नेशनल स्टॉक एक्सेचंज (एनएसई) का निफ्टी 141.55 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,344.75 अंक पर पहुंच गया। साथ ही बीएसई का मिडकैप 0.66 प्रतिशत उछलकर 44,049.49 अंक और स्मॉलकैप 0.82 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 52,739.01 अंक हो गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 4228 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2503 में तेजी जबकि 1557 में गिरावट रही वहीं 168 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह एनएसई की 1809 कंपनियों में लिवाली जबकि 1053 में बिकवाली हुई वहीं 87 में टिकाव रहा।

बीएसई में एफएमसीजी, सीडी और ऑटो की 0.50 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर अन्य समूहों का रुझान सकारात्मक रहा। इससे कमोडिटीज 0.57, ऊर्जा 0.53, वित्तीय सेवाएं 1.24, हेल्थकेयर 0.76, इंडस्ट्रियल्स 0.83, आईटी 0.18, दूरसंचार 2.18, यूटिलिटीज 1.17, बैंकिंग 2.03, कैपिटल गुड्स 0.96, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.49, धातु 0.77, तेल एवं गैस 0.72, पावर 1.39, रियल्टी 0.57, टेक 0.41, सर्विसेज 0.34 और फोकस्ड आईटी समूह के शेयर 0.36 प्रतिशत मजबूत रहे।

विदेशी बाजारों में तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.26, जर्मनी का डैक्स 0.04, जापान का निक्केई 1.17, हांगकांग का हैंगसेंग 1.75 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.08 प्रतिशत मजबूत रहा।

शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 359 अंक की छलांग लगाकर 76,978.53 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली होने से थोड़ी देर बाद ही 76,584.84 अंक के निचले स्तर तक टूट गया। वहीं, लिवाली होने से यह दोपहर तक 77,318.94 अंक के उच्चतम स्तर पर पर पहुंचा। अंत में पिछले दिवस के 76,619.33 अंक के मुकाबले 0.59 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 77,073.44 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह निफ्टी भी 87 अंक बढ़कर 23,290.40 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 23,170.65 अंक के निचले जबकि 23,391.10 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 23,203.20 अंक की तुलना में 0.61 प्रतिशत उछलकर 23,344.75 अंक पर पहुंच गया।

इस दौरान सेंसेक्स की मुनाफे में रही कंपनियों में कोटक बैंक 9.15, बजाज फाइनेंस 3.58, बजाज फिनसर्व 3.18, एनटीपीसी 2.96, एसबीआई 1.96, पावरग्रिड 1.29, टाटा स्टील 1.04, टेक महिंद्रा 1.02, एशियन पेंट 0.90, एचडीएफसी बैंक 0.89, भारती एयरटेल 0.86, टाइटन 0.69, आईसीआईसीआई बैंक 0.57, एलटी 0.50, अल्ट्रासिमको 0.36, एचसीएल टेक 0.35 और रिलायंस 0.28 प्रतिशत शामिल रही।

वहीं, जोमैटो 3.14, अडानी पोर्ट्स 1.23, टीसीएस 1.18, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.99, मारुति 0.80, टाटा मोटर्स 0.67, आईटीसी 0.58, सन फार्मा 0.57, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.38, एक्सिस बैंक 0.30, नेस्ले इंडिया 0.30, इंफोसिस 0.10 और इंडसइंड बैंक के शेयर 0.09 प्रतिशत नुकसान में रहे।

Next Post

स्मार्ट बाज़ार की फुल पैसा वसूल सेल - बचत का सबसे बढ़िया ठिकाना!

Mon Jan 20 , 2025
आज के समय में, कई परिवार अपने खर्च के प्रति बहुत ज़्यादा सचेत हो रहे हैं और ज़्यादा कुशलता और लगन से खर्च करने के तरीके खोज रहे हैं। लेकिन क्या होगा अगर ज़्यादा खरीदना, ज़्यादा बचत करना और अपनी ज़रूरत की हर चीज़ को बजट में सबसे कम कीमत […]

You May Like