
धूं-धूं कर जली गृहस्थी और अन्य सामान, लाखों की क्षति
जबलपुर। सोमवार को शहर में तीन अग्नि हादसे हुए। पहली घटना गोहलपुर में हुई जहां एक फर्नीचर गोदाम में आग भडक़ गई। दूसरी उखरी रोड और तीसरी मदर टेरेसा नगर में हुई जहां दो मकानों में आग लगी। तीनों ही घटनाओं में चंद ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। घटना की सूचनाएं तत्काल नगर निगम दमकल विभाग को दी गई। फायर बिग्रेड ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन जब तक मकानों में रखी गृहस्थी और गोदाम का सामान जलकर खाक हो चुका था।
जानकारी के मुताबिक मदर टेरेसा शाक्ति पीठ हनुमान मंदिर के पास राजेश कुमार जैन रहते है जिनके मकान मेें सोमवार सुबह 10:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिस कमरे में आग लगी वहां कबाड़ रखा हुआ था। फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। इसी प्रकार आदि प्लाजा उखरी रोड में आयुष साहू रहते है जिनके मकान में सुबह 9 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई थी हादसे में गृहस्थी खाक हो गई। दो से तीन लाख रूपए का नुकसान हुआ। इसी तरह गोहलपुर बस्ती नं.2 संस्कार परिसर में मोमिन खान का फर्नीचर का गोदाम है जहां सुबह 7:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से 6 लाख रूपए का नुकसान हुआ।
