रीवा: किसानों के लिए खाद की समुचित व्यवस्था की गयी है. रीवा जिले में सहकारी समिति विपणन संघ तथा निजी विक्रेताओं के पास 10 जनवरी की स्थिति में 6962.45 टन यूरिया तथा 2977 टन डीएपी खाद उपलब्ध है. इसके साथ-साथ जिले में 2699 टन एनपीके, 139 टन एमओपी तथा 3603 टन सिंगल सुपर फास्फेट भी उपलब्ध है. इस संबंध में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि जिले के किसानों को खाद की नियमित आपूर्ति जारी है.
उप संचालक ने बताया कि अब तक किसानों को 7857.31 टन यूरिया तथा 2410 टन डीएपी का वितरण किया जा चुका है. इसी तरह किसानों को 9823 टन एनपीके, 60.35 टन पोटाश खाद तथा 3358 सिंगल सुपर फास्फेट खाद का वितरण किया जा चुका है. सिंगल तथा डबल लाक से प्रतिदिन खाद वितरित की जा रही है. जिस केन्द्र में अधिक संख्या में किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं वहां अधिकारियों की निगरानी में टोकन देकर खाद का वितरण किया जा रहा है. वर्तमान में मार्कफेड, सहकारी समिति तथा निजी विक्रेताओं के पास खाद उपलब्ध है. जिले में 7 डबल लाक केन्द्रों में 15 पीओएस मशीन से खाद का वितरण किया जा रहा है. इसी तरह 148 सहकारी समितियों तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से भी खाद वितरित की जा रही है. वर्षा के कारण यूरिया खाद की मांग बढ़ी है. इसकी रैक नियमित अंतराल से जिले को प्राप्त हो रही हैं.
