सचदेवा ने केजरीवाल को दी विकास के मुद्दे पर बहस की चुनौती

नयी दिल्ली 05 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लोगों को मुद्दे से भटकाने का माहिर खिलाड़ी करार दिया है और उन्हें विकास के मुद्दे पर सार्वजनिक बहस करने की चुनौती दी है।

श्री सचदेवा ने रविवार को कहा, “मैंने पहले भी कहा है, फिर दोहराता हूँ, यदि श्री केजरीवाल को लगता है कि उनकी सरकार ने विकास कार्य किये हैं, तो हम एक सार्वजनिक बहस रखते हैं, वह भी आयें और अपनी बात रखें।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता साक्षी है कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए पूर्वी-पश्चमी गलियारा निर्मित किये हैं, 1200 के लगभग इलेक्ट्रिक बसें दी हैं, भीड़भाड़ कम करने के लिए धौलाकुआं हवाई अड्डा मार्ग का विस्तार किया है, अक्षरधाम-मेरठ राजमार्ग, दिल्ली सहारनपुर राजमार्ग , शहरी विस्तार सड़क (यूबीआर)- 2, रिंग रोड़-3, प्रगति मैदान सुरंग जैसे परिजनाएं दी हैं। इसके अलावा बदरपुर ईको पार्क और राजपथ का कर्तव्यपथ विस्तार किया, भारत मंडपम और यशोभूमि जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के विकास मॉडल दिये हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा समय पर पैसे ना देने के बावजूद भी क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) हो या दिल्ली मेट्रो का विस्तार, केन्द्र की मोदी सरकार ने किसी विकास कार्य को रूकने नही दिया है। वहीं, कोविड काल में विशेष अस्पताल और गरीबों को मुफ्त राशन दिये।

भाजपा नेता ने कहा कि अनेक विकास प्रोजेक्ट पूरे करने के बाद अभी दो दिन पहले केन्द्र की मोदी सरकार ने 16700 करोड़ से अधिक के नयी विकास परियोजनाएं दिल्ली को दी है। उन्होंने कहा कि इसके ठीक विपरीत सरकार ने 2013 से 2024 के बीच दिल्ली को केवल छलावे दिए हैं, भ्रष्टाचार दिये हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अस्पताल निर्माण में, पुराने स्कूलों के नव निर्माण में, सार्वजनिक परिवहन बस सेवा विस्तार में, सड़क रखरखाव में, राशन वितरण में ही नहीं, बिजली पानी के बिलों में सरचार्ज के माध्यम से लूट खसोट तक करके दिल्ली की जनता को धोखा दिया है।

 

 

Next Post

गरीब नवाज़ का उर्स मेला शवाब पर

Sun Jan 5 , 2025
*दरगाह ख्वाजा खानून में अजमेर शरीफ से आईं चादर, कुल का छींटा आज़* ग्वालियर। स्थानीय दरगाह हजरत ख्वाजा खानून पर चल रहा हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती अजमेरी का 813 वां उर्स मेला अपने पूरे शबाब पर है। उर्स के दूसरे दिन कुरान ख्वानी हुईं। दोपहर में मजलिसे मीलाद में मौहम्मद […]

You May Like