पेरिस, 21 दिसंबर (वार्ता) फ्रांस ने अफ्रीकी देश ओर सैन्य सहयोग समझौता तोड़ने के बाद चाड से अपने करीब एक हजार सैनिकों में से 120 सैनिकों को वापस बुला लिया है।
चाड के सशस्त्र बलों, पूर्व सैनिकों एवं युद्ध पीड़ितों के मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा, ”फ्रांस के साथ सैन्य सहयोग टूटने पर 20 दिसंबर (शुक्रवार) को 120 फ्रांसीसी सैनिक एयरबस ए330 फीनिक्स एमआरटीटी से फ्रांस के लिए रवाना हो गए।”
फ्रांसीसी रेडियो स्टेशन आरएफआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चाड के अधिकारियों ( जिन्होंने नवंबर के अंत में फ्रांस के साथ सैन्य सहयोग तोड़ दिया) ने कहा है कि फ्रांसीसी सैनिक 31 जनवरी, 2025 तक देश छोड़ दें।
फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक, चाड में फिलहाल करीब एक हजार फ्रांसीसी सैनिक मौजूद हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 10 दिसंबर को, फ्रांसीसी सशस्त्र बलों ने चाड से दो मिराज लड़ाकू विमानों को वापस भेजने की घोषणा की, तीसरा लड़ाकू विमान आने वाले दिनों में फ्रांस लौट आएगा।
उल्लेखनीय है कि चाड विदेश मंत्रालय ने 28 नवंबर को फ्रांस के साथ रक्षा सहयोग समाप्त करने की घोषणा की थी।