
बड़वानी, 23 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में आज सुबह एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते दो बच्चों की हत्या करने के बाद पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने स्वयं को भी घायल कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार संजू डाबर नाम के व्यक्ति ने पांच वर्षीय पुत्र डेविड और तीन वर्षीय पुत्री डिंपल की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और इसके बाद पत्नी भारती और स्वयं को भी घायल कर लिया। दोनों को गंभीर स्थिति में वरला स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार देवली निवासी भारती की शादी सात वर्ष पूर्व महाराष्ट्र के जलगांव जिले के चोपड़ा थाना स्थित गौरी पड़ावा के संजू डाबर से हुई थी। पांच दिन पूर्व दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और भारती दोनों बच्चों को लेकर मायके देवली लौट आई थी।
संजू कल रात को देवली आया था और आज सुबह उसने भारती से घर चलने के लिए कहा। भारती के मना करने पर उसने आक्रोशित होकर कुल्हाड़ी से दोनों बच्चों के सिर और जबड़े पर हमला किया और भारती के भी सिर पर चोट पहुंचाई। इसके बाद उसने गेंती (कृषि यंत्र) से खुद पर हमला बोल दिया।
दोनों बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।