अवैध बांग्लादेशियों को जेल या उनके देश भेजना भाजपा का संकल्प: यादव

अवैध बांग्लादेशियों को जेल या उनके देश भेजना भाजपा का संकल्प: यादव

दुमका/देवघर (झारखंड), 11 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि वे डंके की चोट पर कह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी को बांग्लादेश घुसपैठियों के वोट नहीं चाहिए। ये घुसपैठिए या तो जेल भेजे जाएं या फिर वापस बांग्लादेश की सीमा में चले जाएं, यही भाजपा का संकल्प है।

डॉ यादव ने झारखंड के दुमका जिले की पोरैयाहाट विधानसभा के सरैयाहाट तथा देवघर जिले की सारद और मोहनपुर विधानसभाओं में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों से बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। ये आपके तिलक और आपके धर्म को मिटाना चाहते हैं। ये बहन-बेटियों की आबरू लूटना चाहते हैं और उनके माध्यम से आपकी जमीनों पर कब्जा करना चाहते हैं। ये झारखंड को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं। आज हमारी लड़ाई सिर्फ इसी बात पर होनी चाहिए कि चाहे जो हो जाए, हम इन घुसपैठियों को झारखंड में नहीं रहने देंगे। इसलिए ये चुनाव आप सभी के लिए जीवन-मरण का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि आप सभी से उनका निवेदन है कि ये चुनाव बहुत जिम्मेदारी का चुनाव हैं। आपने देखा है कि किस तरह कंस के रास्ते पर चल रहे कांग्रेस और हेमंत सोरेन जैसे लोग सत्ता पर कब्जा करके बैठ गए थे और सब इकट्ठे हो गए थे। इसलिए आप सभी ये संकल्प लीजिए कि आने वाली 13 तारीख को जब तक हर घर के वोट भाजपा को नहीं डल जाते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से अयोध्या में भगवान राम मुस्कुराए हैं, उसका पूरे देश में अलग ही आनंद है। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार दीपावली मनाई गई है। हम जय-जय श्रीराम का गगनभेदी नारा लगाते हैं, तो हमारे लिए आनंद दोगुना हो जाता है। लेकिन विरोधी पार्टी वालों के होश उड़ जाते हैं। वह घबरा जाते हैं और उनकी छाती ठंडी हो जाती है। उनको लगता है कि उनके सिर पर हथौड़े पड़ रहे हैं। डॉ यादव ने कहा कि जब सनातन धर्म की जय-जयकार होती है, तो हमें हमारा गौरवशाली अतीत याद आता है। हमें याद आता है संथाल भाइयों का 1855 का विद्रोह, जिसने अंग्रेजों के होश फाख्ता कर दिए थे।

डॉ यादव ने कहा कि शहीद सिद्धू कानू एवं भगवान बिरसा मुंडा के चरणों में प्रणाम करते हैं, जिन्होंने अपने जीवन को पुष्प समझकर भारतमाता के चरणों में अर्पित कर दिया। हम अपने देश और धर्म के लिए जीवन का एक-एक पल समर्पित कर सकें, इसलिए हमारे यहां त्याग और बलिदान की परंपरा चलती रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार हर गरीब का जीवन बदलने और उसके जीवन में खुशहाली लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने नारा दिया है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। उन्होंने एक नियम बनाया है कि न खाएंगे और न खाने देंगे। डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार बेईमानों को जेल भेजने और अच्छे लोगों को सभी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। पहली बार एक ऐसा व्यक्ति देश की कुर्सी पर बैठा है, जिनका कहना है कि चाहे कोई कितना भी बड़ा हो, मंत्री हो, मुख्यमंत्री हो, अगर गलत किया है तो उसकी जगह जेल ही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने जब अलग झारखंड राज्य की घोषणा की थी, तब उनका सपना था कि खनिज संपदा और मेहनतकश लोगों वाला झारखंड राज्य देश का सबसे अच्छा राज्य बनेगा। लेकिन दुर्भाग्य से यहां सत्ता में चोरों की ऐसी जमात आ गई, जो आपकी कमाई पर डाका डालना चाहती थी। आप अपनी मेहनत-मशक्कत से कमाई करते रहे और ये लूटते रहे। कोई सोच सकता है कि मुख्यमंत्री पद पर बैठा हुआ कोई व्यक्ति कभी जेल जाएगा? लेकिन इन्होंने कर्म ही ऐसे किए हैं।

उन्होंने कहा कि अब आने वाली 13 तारीख को झारखंड की जनता अपने वोट से यह फैसला करेगी कि इन्हें वापस जेल भेज दिया जाए और झारखंड की गरीब जनता के साथ अन्याय करने का दंड दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह भगवान राम और कृष्ण का देश है। भगवान राम ने भी 14 बरस के वनवास के दौरान आदिवासियों के बीच समय गुजारा और देश तथा धर्म के लिए रावण जैसी महाशक्तिशाली व्यक्ति को परास्त करके रामराज्य की स्थापना की। भगवान राम का मंदिर बनवाने के लिए हमारा संघर्ष पांच सौ वर्ष चला। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने भगवान राम के मामले में अड़ंगे लगाती रही। ये कोर्ट में शपथपत्र देकर भगवान राम को काल्पनिक बताते थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। आज अयोध्या में रामलला अपने मंदिर में मुस्कुरा रहे हैं। लेकिन भगवान कृष्ण की जन्मभूमि की मुक्ति अभी होना है। उनका मुस्कुराना अभी बाकी है। हम सभी चाहते हैं कि मथुरा में भगवान कृष्ण मुस्कुराएं, लेकिन कांग्रेस और सोरेन जैसे लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में बहुत बड़ी-बड़ी नदियां हैं। लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार ने ऐसा कोई डेम नहीं बनाया कि जिसके पानी से किसान सिंचाई कर सकें। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने मध्यप्रदेश में नदियों पर डेम बनवाए हैं और नदी जोड़ो योजना लागू करके साल भर पानी मिलने का इंतजाम कर रही है। सरकार के इन कामों ने मध्यप्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को बदल दिया। इस तरह के काम झारखंड में भी हो सकते हैं, लेकिन ये तब होगा जब यहां डबलइंजन की सरकार होगी। यानी केंद्र में भी भाजपा और झारखंड में भी भाजपा सरकार।

Next Post

बोलेरो ने रौंदा, बुजुर्ग की मौत

Mon Nov 11 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email जबलपुर। शहपुरा थाना अंतर्गत रामखिरिया गांव में तेज रफ्तार बोलेरो ने एक वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे  में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई वहीं घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार […]

You May Like

मनोरंजन