सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा कर मध्यप्रदेश भाजपा ने बनाया इतिहास : शर्मा

भाेपाल, 16 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत देश भर में इन दिनों चल रहे सदस्यता अभियान को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज बताया कि पार्टी ने इस संबंध में देश में अलग-अलग राज्यों को लक्ष्य दे कर काम शुरु किया था और प्रदेश भाजपा ने इस लक्ष्य को पूरा कर इतिहास बना दिया है।
श्री शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के पास डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य था। दो सितंबर से शुरु हुए सदस्यता अभियान के पहले चरण में 25 सितंबर तक एक करोड़ से ऊपर का लक्ष्य पार कर लिया गया था। इसके बाद अभियान का दूसरा चरण शुरु हुआ, जो कल रात को समाप्त हुआ। भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और सुनियोजित तरीके से काम करने का परिणाम रहा कि कल रात ये आंकड़ा एक करोड़ 50 लाख 28 हजार 107 को पार कर गया।
उन्होंने समूचे अभियान की सफलता का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि लगभग तीन लाख कार्यकर्ता ऐसे थे, जो दिन रात इस काम में जुटे थे। डेढ़ करोड़ नए सदस्यों में से एक करोड़ 22 लाख 74 हजार 300 ने डिजिटली अपना फॉर्म पूरा भरा है। मध्यप्रदेश फॉर्म भरने की प्रक्रिया में भी प्रतिशत के मामले में बहुत आगे है।
उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे इलाके जहां ऑनलाइन सदस्यता की राह में बाधा थी, वहां कार्यकर्ताओं ने घर घर जाकर ऑफ लाइन सदस्यता करवाई। ये मुख्य तौर पर सुदूर क्षेत्रों में हुआ है। इसका आंकड़ा भी बड़ा रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा कि ये पूरा आंकड़ा पार्टी के ऐप पर दर्ज होते हैं।
इसी क्रम मेंं उन्होंने भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर कल से कांग्रेस की ओर से लगाए आरोपों को लेकर भी जम कर हमले बोले। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए ये बस एक रिकॉर्ड बनाने की बात नहीं है, समाज में राजनीतिक दल के कार्यकर्ता कितनी गंभीरता से काम करते हैं, ये उसकी बानगी है। झूठ का ‘परसेप्शन’ राजनीति नहीं होती। कुछ राजनीतिक दल और राजनीतिक लोग जिम्मेदारी के साथ भी काम करते हैं और भाजपा इसका उदाहरण है।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग झूठ की राजनीति करते हैं, वे उन्हें बताना चाहते हैं कि भाजपा का कार्यकर्ता मेहनत से ईमानदारी से काम करते हुए संगठन तंत्र को मजबूत करता है और यही हमारी ताकत है। तथाकथित लोग झूठ फैलाने का प्रयास करते हैं, उन्हें जवाब देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ऐसे लोग बहुत हैं जो कुछ भी बोलते हैं, पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर इस बात का गर्व है कि वो कैसे समय पर लक्ष्य पूरा करता है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एजेंसियां भाषण लिख कर देती हैं। कांग्रेस के नेता एजेंसी के लिखे भाषण ही पढ़ते हैं और दुनिया में भारत को बदनाम करते हैं। इन्हें एजेंसियों की ही आदत है। ऐसे लोग जो इस प्रकार की बातें करना चाहते हैं, भाजपा कार्यकर्ता की मेहनत ही उनका सबसे बेहतर जवाब है।
श्री शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने भी अभियान को लेेकर प्रदेश के संगठन की लगातार सराहना की है।
उन्होंने कहा कि 62 फीसदी यूथ भाजपा का सदस्य बना है। 17 हजार थर्ड जेंडर सदस्य बने हैं।
कमजोर विधानसभाओं के संदर्भ मेंं उन्होंने कहा कि जो अपेक्षाकृत कमजोर थीं, उन पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रवास किए। मुख्यमंत्री ने बूथ तक की बैठक कीं। एक जिले में अगर कोई विधानसभा कमजोर थी तो उस जिले के दूसरी विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं ने उसे ऊपर उठाने की जिम्मेदारी ली।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने लक्ष्य से कम रहने वाली विधानसभाओं और लोकसभाओं तक से बात की।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सक्रिय सदस्यता का अभियान आज से प्रारंभ हो रहा है।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष की सोशल मीडिया पोस्ट भी दिखाई जो उन्होंने प्रदेश भाजपा की उपलब्धि पर की।
सदस्यता अभियान पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई द्वारा सवाल उठाने संबंधित मामले को लेकर श्री शर्मा ने कहा कि अगर कोई इस प्रकार का प्रयास आपके पास कर रहा है तो ऐसा करने वाले को ‘ठीक’ किया जा सकता है।

Next Post

रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

Wed Oct 16 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भिण्ड, 16 अक्टूबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिण्ड में आज ग्वालियर लोकायुक्त टीम ने एक पटवारी को किसान से आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी किसान सर्वेश यादव […]

You May Like