नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गुरुवार को कहा कि पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी के पार्थिव शरीर को जनता के दर्शन के लिए शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर रखा जाएगा तथा बाद में उनकी इच्छा के अनुसार नयी दिल्ली के एम्स को दान कर दिया जाएगा।
माकपा की केंद्रीय समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “ कॉमरेड सीताराम येचुरी का पार्थिव शरीर 14 सितंबर को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) मुख्यालय, ए.के. गोपालन भवन, गोल मार्केट, नयी दिल्ली में जनता के दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखा जाएगा। इसके बाद कॉमरेड येचुरी के पार्थिव शरीर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया जाएगा, जहाँ उनकी इच्छा के अनुसार इसे चिकित्सा अनुसंधान के लिए दान कर दिया जाएगा।”
श्री येचुरी (72) का आज एम्स में निधन हो गया। उन्हें श्वसन तंत्र में संक्रमण के उपयार के लिए वहां 19 अगस्त को भर्ती कराया गया था। वह पिछले कुछ दिन से वेंटिलेटर पर थे।