भाजपा का सदस्यता अभियान, पार्टी चार माध्यमों से बनाएगी सदस्य : शर्मा

भोपाल, 20 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज बताया कि पार्टी ‘संगठन पर्व 2024’ के तहत सदस्यता अभियान का आयोजन कर रही है और पार्टी चार विभिन्न माध्यमों से नए सदस्यों को जोड़ेगी।

श्री शर्मा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि विगत 17 तारीख को सदस्यता अभियान को लेकर नयी दिल्ली में कार्यशाला हुई, जिसे पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया। इसके बाद अब प्रदेश भाजपा की सदस्यता अभियान को लेकर 21 तारीख को प्रदेश कार्यालय में कार्यशाला होगी। इसमें कोर ग्रुप से लेकर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, सदस्यता की टोली, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष, मीडिया टीम और प्रवक्ता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सदस्यता अभियान के प्रभारी पार्टी महामंत्री और विधायक भगवानदास सबनानी बनाए गए हैं, जिनके नेतृत्व में पांच सदस्यीय टोली बनी है। कल की कार्यशाला के बाद जिला, मंडल और शक्तिकेंद्र स्तर पर कार्यशालाएं होंगी। इसके बाद 31 अगस्त को देश में 10 लाख बूथों पर और प्रदेश में 64 हजार 871 बूथ पर, सभी बूथों पर कार्यशाला होंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव के विश्लेषण के बाद हारे और लगातार हारे बूथों पर पार्टी ने फोकस किया है। पार्टी हर समाज और वर्ग के लोगों के साथ संपर्क करेगी और उन्हें पार्टी से जोड़ेगी। ये सदस्यता चार प्रकार से होगी, मिस्ड कॉल, नमो ऐप, पार्टी की वेबसाइट से और क्यूआर कोड के माध्यम से सदस्यता अभियान को अंजाम दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी अपने सदस्यता अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्य बनाकर शुरुआत करेगी। पार्टी की सदस्यता का हर छह साल में नवीनीकरण आवश्यक है।

श्री शर्मा ने बताया कि अभी देश में पार्टी के 18 करोड़ के आसपास सदस्य हैं। पिछली बार प्रदेश में 95 लाख मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता हुई थी। इनमें से लगभग 68 लाख सत्यापित किए थे। साथ ही उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से हुई सदस्यता को सत्यापित किया जाता है और सदस्य बनने वाले व्यक्ति का पूरा विवरण लिया जाता है। पार्टी का प्रत्येक बूथ और वर्ग तक पहुंचने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि जिनके समाज में आपराधिक रिकॉर्ड हैं, छवि अच्छी नहीं है, ऐसे लोगों के लिए भाजपा में कोई स्थान नहीं है।

कल राज्यसभा निर्वाचन के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि के पहले श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा में किसे जाना है, ये केंद्रीय नेतृत्व तय कर कर प्रदेश इकाई को बताएगा।

Next Post

अतिथि शिक्षक आमंत्रण की कार्यवाही अब 21 अगस्त तक हो सकेगी

Tue Aug 20 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email भोपाल, 20 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश में शैक्षणिक-सत्र 2024-25 में सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था के लिये अतिथि शिक्षक आमंत्रण की कार्यवाही अब 21 अगस्त तक यानी बुधवार तक हाे सकेगी। आज यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के […]

You May Like