
जबलपुर। पाटन रोड एवं करमेता क्षेत्र में शनिवार को ई-रिक्शा, ऑटो एवं यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 65 ई-रिक्शा एवं ऑटो वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा एवं ड्राइविंग लाइंसेंस की वैधता की जांच की गई।जांच के दौरान केवल 5 ई-रिक्शा व ऑटो के दस्तावेज वैध पाए गए। अचानक हुई कार्रवाई से हडक़ंप मचा रहा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा ने बताया कि शेष वाहनों के चालकों व वाहन स्वामियों को वैध बीमा एव लाइसेंस प्रस्तुत करने, वाहन की फिटनेस केलिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्देशित किया गया कि आवश्यक दस्तावेज पूर्ण होने के बाद ही वाहनों का संचालन किया जाए ।
सब्जियों से लदे वाहनों के चालक हुए परेशान,
आरटीओ कार्यालय में वाहनों की जब्ती की कार्रवाई के बाद अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होने की जानकारी भी सामने आई। बताया गया कि इस दौरान कुछ ऑटो चालक सब्जियां लेकर पहुंचे थे। जब्ती की कार्रवाई के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसी स्थिति में चालकों ने आपसी सहयोग से सब्जियों को कार्यालय के गेट के ऊपर से दूसरे ऑटो में पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि शादी समारोह के लिए सब्जियों की आपूर्ति बाधित न हो और समारोह की तैयारियां प्रभावित न हों।
