अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, जनहित के कार्य समयबद्ध तरीके से करें : सम्राट चौधरी

पटना, 28 नवंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार एवं कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के साथ प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले और अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित हो।

श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय में जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के प्रथम दिन विभागीय वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गृह, सूचना एवं जन-सम्पर्क, सीएम-क्यूआरटी, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिवों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों और योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। जिलाधिकारियों तथा वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों ने भी जिलों में कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विधि-व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री ने खुफिया एवं सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने, आम लोगों से नियमित फीडबैक प्राप्त करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को जनहित के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता दरबार का नियमित आयोजन करने और अधिकारियों को लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। स्थानीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

श्री चौधरी नेपुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए रात्रि गश्ती की जीपीएस के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा इस कार्य की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारियों को स्वयं करने के निर्देश दिए और पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों एवं तैनाती की अद्यतन जानकारी रखने और इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग करने के साथ हथियारों के नियमित सत्यापन एवं प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखने को कहा।

Next Post

रूस ने नवीनतम चौथी पीढ़ी की परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी 'पर्म' का उद्घाटन किया

Sat Nov 28 , 2026
मास्को, 28 नवंबर (वार्ता) रूस ने हाल ही में शामिल की गई अपनी परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी ‘पर्म’ का औपचारिक उद्घाटन किया है, जो मास्को के अनुसार उन्नत जिरकॉन हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों से लैस पहली बहुउद्देशीय पनडुब्बी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को सेवेरोड्विंस्क स्थित सेवमाश शिपयार्ड में […]

You May Like