
शाजापुर, सर्दी का मौसम नवंबर माह में ही दस्तक दे चुका है. पहले लोगों को दिन में सर्दी से राहत मिली हुई थी, लेकिन अब नगरवासी दिन में भी धूप में बैठे नजर आने लगे हैं. तो देर रात और अलसुबह काम करने वाले लोगों को अलाव राहत दे रहे हैं. शाजापुर और आसपास के गांवों में ठंड बढ़ रही है. जिले के गिरवर गांव में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शाजापुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 12 डिग्री रहा. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हाल ही में बर्फबारी हुई है. उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं. सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाने लगा है. ठंड से बचने के लिए ग्रामीण अलाव का सहारा ले रहे हैं.
घरों में भी जल रहे अलाव
गिरवर निवासी मदन लाल ने बताया कि ठंड से बचने के लिए लोग शाम होते ही घरों में चले जाते हैं और अलाव जलाकर घर गर्म रखते हैं. सुबह और देर रात खेतों में पानी देने जाते समय परेशानी होती है. सत्येंद्र धनोतिया ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सिर और पैरों को गर्म रखने के लिए टोपी, मफलर, दस्ताने और ऊनी मोजे पहनें. साथ ही सुबह और देर रात, जब ठंड और कोहरा ज्यादा हो तब घर के अंदर रहने की कोशिश करें. शरीर को गर्म रखने के लिए सूप, काढ़ा या हर्बल चाय जैसे गर्म पेय पीते रहें.
आगामी दिनों में और बढ़ेगा सर्दी का असर
मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दिनों में सर्दी का असर और बढ़ सकता है. क्योंकि एमपी के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिसके कारण चल रही सर्द हवाएं यहां पहुंच रही हैं. उन्होंने बताया कि अकवान चक्रवात के कारण मौसम कम सर्द हो रहा था. लेकिन अब बर्फबारी के चलते सर्दी बढ़ेगी.
