
नीमच। मध्य प्रदेश शासन के जल संचय अभियान के तहत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था नीमच सुरेश लोक शिक्षण समिति द्वारा ग्राम गिरदौड़ा में जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। संस्था ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों के साथ मिलकर गांव के तालाब पर श्रमदान करते हुए 20 बोरियों का बोरी बंधान किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल को संरक्षित करना, पानी के बहाव को नियंत्रित करना और जल को व्यर्थ बहने से रोकना है, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटने में मदद मिल सके। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य राम सिंह यादव, दशरथ यादव, हेमंत यादव, राहुल यादव एवं नितिन यादव ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया। वहीं संस्था के राजेंद्र सिंह चौहान ने उपस्थित सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वयं भी श्रमदान कर बोरी बंधान कार्य में सहयोग किया। संस्था के इस प्रयास से ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। जल संचय अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक सहभागिता से जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
