
छिंदवाड़ा। काली रात धाम में आयोजित मेले में खान-पान के बाद चार बच्चों सहित कई लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ितों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत होने पर शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सभी का उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद मेले में बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, लेंदागोंदी निवासी परिवार के सदस्य शुक्रवार रात काली रात धाम मेला घूमने पहुंचे थे। इस दौरान बच्चों ने मेले में समोसा, जलेबी और गुपचुप खाए। घर लौटने के कुछ घंटे बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। रात में चारों बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन शनिवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
लेंदागोंदी निवासी सुमेर ने बताया कि परिवार के साथ मेला घूमने गए थे। बच्चों ने वहां गुपचुप, जलेबी और समोसे खाए थे। घर लौटने के बाद रात में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उल्टी-दस्त शुरू होने पर परिजनों को चिंता हुई और सुबह अस्पताल लाना पड़ा।
इसी तरह पूर्वी नाम की बच्ची की परिजन प्रियंका ने बताया कि बच्ची ने मेले में समोसा, गुपचुप और जलेबी खाई थी। रात में उसे सिरदर्द, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। सुबह हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया। वहीं लोमिया निवासी कार्तिक बिलवंशी और लेंदागोंदी निवासी अमित इनवाती ने भी बताया कि वे मेले में नूडल्स खाने गए थे। कुछ घंटे बाद उन्हें उल्टी की परेशानी शुरू हो गई। घर पहुंचने के बाद रातभर तबीयत खराब रही। शनिवार सुबह वे भी जिला अस्पताल पहुंचे।
नूडल्स खाने के बाद रातभर होती रही उल्टी
अमित के अनुसार, लेंदागोंदी के चार लोग इस परेशानी से प्रभावित हुए हैं। वहीं अलग-अलग परिवारों के बच्चों की तबीयत बिगड़ने से परिजनों में चिंता का माहौल है।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल
एक ही मेले में अलग-अलग परिवारों के बच्चों और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद वहां बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं या नहीं, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। फिलहाल जिला अस्पताल में पीड़ितों का उपचार जारी है।
