ग्वालियर। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मध्यप्रदेश प्रोग्रेसिव मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने 12 सूत्रीय मांगों के निराकरण नहीं होने पर आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने 8 दिसंबर को विधानसभा मार्च निकालने और 14 दिसंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
इसी क्रम में गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय की मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने भी प्रोग्रेसिव एसोसिएशन के समर्थन में प्रभारी डीन नीलिमा टंडन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पिछले दो वर्षों से लंबित 12 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वाले दल में एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके शाक्य, सचिव सुरेंद्र सिंह यादव, भावी अध्यक्ष वीपी नार्वे, मुकेश नरवरिया, प्रतिभा गर्ग, मनीष बैरागी, महेश यादव, सत्यम जयंत सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
एसोसिएशन का कहना है कि मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो प्रदेशभर के चिकित्सा शिक्षक आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस संबंध में एसोसिएशन ने 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग भोपाल को भी भेजा है।
