आरएसएस का ‘राष्ट्र वंदनम’ 29 नवंबर को

नयी दिल्ली (वार्ता) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 साल पूरा होने को लेकर संघ के दिल्ली प्रांत की ओर से यहां के रोहिणी सेक्टर-23 स्थिति समरसता स्थल में ‘राष्ट्र वंदनम’ कार्यक्रम का रविवार को आयोजन किया जायेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, स्वावलंबन, अनुशासन और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इसमें आरएसएस के सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत का उद्बोधन होगा, जबकि उच्चतम न्यायालय के के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जगदीश सिंह खेहर मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में 1.60 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:30 बजे शुरू होकर करीब दो घंटे चलेगा।

आरएसएस के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार और दिल्ली प्रांत के संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया की यह संघ के दिल्ली प्रांत का कार्यक्रम है, जिसमें दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल पंजीकरण के आधार पर मिलेगा। अविरल ऐप से पंजीकृत प्रत्येक व्यक्ति को क्यूआर कोड जारी किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर इसे स्कैन करने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।

उन्होंने बताया कि दिल्ली प्रांत की करीब 2400 शाखाओं के माध्यम से स्वयंसेवकों का पंजीकरण कराया है। अब तक 85 हजार से अधिक स्वयंसेवक और समाज के 75 हजार से अधिक प्रबुद्ध तथा प्रतिष्ठित लोग पंजीकरण करा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के संघ के आठ विभागों के लिए आठ अलग-अलग रंग निर्धारित किये गये हैं। इसी आधार पर आठ प्रमुख प्रवेश द्वार बनाये गये हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब नौ हजार स्वयंसेवक सामूहिक आसन प्रदर्शन करेंगे, जबकि 800 घोष वादक संघ के पारंपरिक बैंड की प्रस्तुति देंगे। परिसर में भारतीय संस्कृति, विविधता, विरासत और राष्ट्रीय एकात्मता पर आधारित प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी। इसमें अधिवक्ता, उद्योगपति, महिलाएं, सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की व्यस्था की गयी है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन स्थल के आसपास 12 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गये हैं। उनके वाहन खड़ा करके लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही आयोजन स्थल के पास एक अस्थायी अस्पताल बनवाया गया है। जिसमें डॉक्टरों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ दवाओं के साथ मौजूद होंगे। इसके अलावा एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, ताकि जरूरत पीड़ने और त्वरित सेवा दी जा सके।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर प्लास्टिक बोतलों के निस्तारण के लिए तीन क्रशिंग प्लांट लगाये गये हैं , ताकि पानी की बोतलों का निपटारा किया जा सके। प्रत्येक आगंतुक को तुलसी के बीज वाला सीड कार्ड भी दिया जायेगा।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि परिसर की सजावट में टाट, टोकरी, छाज, पराली और मिट्टी के मटकों जैसी पारंपरिक वस्तुओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हें स्थानीय कारीगरों से खरीदा गया है।

Next Post

संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करते हुए जल्द जल परियोजनाओं को करें पूर्ण-भजनलाल

Sat Nov 28 , 2026
जयपुर, (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना जल समझौता एवं रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में इन दोनों परियोजनाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा […]

You May Like

मनोरंजन