
भोपाल। जेके रोड स्थित आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट में परोसी गई पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच की। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर तैयार खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए। इसके साथ ही पास में स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट की भी जांच की गई। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट से पनीर की सब्जी, दाल और चावल के नमूने लिए। वहीं, डीके राजोरिया रेस्टोरेंट से पनीर और सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया। अधिकारियों के अनुसार, डीके राजोरिया में मिला सोयाबीन तेल पैक्ड था। संचालक ने इसे हनुमानगंज स्थित हे राम प्रतिष्ठान से खरीदना बताया है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि संचालकों की जिम्मेदारी केवल रिसेप्शन पर बैठकर बिल बनाने तक सीमित नहीं है। उन्हें किचन में जाकर भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, कर्मचारियों के कामकाज और साफ-सफाई की नियमित निगरानी भी करनी चाहिए, ताकि भोजन में बाहरी वस्तु मिलने जैसी घटनाएं रोकी जा सकें।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
सभी पांच नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भोजन में तार मिलने की शिकायत की पुष्टि प्रयोगशाला जांच से नहीं हुई है।
