
सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी गुरुवार 26 नवंबर की रात्रि में अचानक चुरहट थाने पहुंचे। रात्रि में एसपी के अचानक पहुंचने से थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस स्टाफ तुरंत अलर्ट हो गया। एसपी ने सबसे पहले चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। उन्होंने चेकिंग के दौरान की जा रही वाहनों की जांच व्यवस्था को देखा। चेकिंग रजिस्टर, स्टाफ की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और रात में की जा रही चेकिंग की जानकारी ली। उन्होंने चेकिंग में लापरवाही न बरतने, संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने और बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट व शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध संबंधित की जानकारी सहित अन्य जानकारी ली। थाने में दर्ज अपराध, लंबित मामलों, मर्ग, गिरफ्तारी, चालान व विवेचना की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। एसपी ने थाना परिसर, हवालात, मालखाना, रिकॉर्ड रूम व साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था को देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। स्टाफ की जानकारी ली और जवानों से उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने जवानों को ईमानदारी और निष्ठा से ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी सहित पुलिस स्टाफ के लोग मौके पर उपस्थित रहे। एसपी ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, अवैध खनन व अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से अच्छा व्यवहार रखने, थाने आने वाले फरियादियों की समस्या को ध्यान से सुनने और समय पर निराकरण करने के भी निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि पुलिस का व्यवहार ही जनता के मन में विश्वास पैदा करता है, इसलिए सभी को संयम और शालीनता से काम करना चाहिए। एसपी के निरीक्षण से पुलिस स्टाफ में सतर्कता बढ़ गई है। क्षेत्र में भी चर्चा है कि एसपी के अचानक निरीक्षण से अब अपराधों पर अंकुश लगेगा और पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा।
