
इंदौर. शहर में नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर विजय नगर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने के बाद खतरनाक स्थिति में खड़े मिले ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर वाहन जब्त किया है. नो-एंट्री उल्लंघन पर पुलिस इस माह अब तक तीसरी बार आपराधिक प्रकरण दर्ज कर चुकी है.
26 नवंबर को रोबोट चौराहे के पास नो-एंट्री क्षेत्र में ट्रक नम्बर आरजे 14 जीके 1686 प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर खतरनाक स्थिति में खड़ा मिला. पुलिस ने ट्रक चालक ईदू, निवासी हरियाणा, के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर ट्रक जब्त किया है. पुलिस की कार्रवाई नो-एंट्री और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहन चालकों के खिलाफ जारी अभियान के तहत की गई. विजय नगर पुलिस के अनुसार, नो-एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश और सड़क पर खतरनाक तरीके से खड़े होने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका रहती है. ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इस माह नो-एंट्री उल्लंघन के मामलों में यह तीसरी एफआईआर है. एसीपी पराग सैनी और टीआई चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी.
