
इंदौर. एमजी रोड स्थित कपड़ा स्टोर में दुकान संचालक और ग्राहक के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट और हथियारों से हमले तक पहुंच गया. घटना में ग्राहक गंभीर रूप से घायल हुआ था. मामले की जांच में दुकान संचालक के साथ उसके कर्मचारी की भी भूमिका सामने आई, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से मारपीट में इस्तेमाल लोहे का पाइप और घटना में प्रयुक्त असली रिवॉल्वर सहित छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
फरियादी अलीम खान अपने साथी रितिक यादव और भाई वसीम खान के साथ एमजी रोड स्थित कपड़ा स्टोर पर मौजूद था. दुकान में फर्नीचर का काम चलने के कारण ग्राहक नहीं आने की बात को लेकर दुकान संचालक सुखविंदर सिंह बत्रा और अलीम के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दुकान संचालक ने फरियादी और उसके साथियों के साथ गाली गलौज व मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि लोहे के पाइप और रिवॉल्वर से हमला कर अलीम को गंभीर रूप से घायल कर दिया. फरियादी की रिपोर्ट पर तुकोगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में दुकान संचालक के कर्मचारी राजेन्द्र गौर की भूमिका भी सामने आई. पुलिस ने राजेन्द्र को गिरफ्तार कर उसके पास से मारपीट में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद किया. जांच के दौरान दुकान संचालक सुखविंदर सिंह बत्रा ने घटना में इस्तेमाल रिवॉल्वर के स्थान पर पुलिस को नकली रिवॉल्वर प्रस्तुत कर दी. पुलिस ने हथियार की जांच की तो वह असली नहीं निकली. इसके बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई. उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल असली रिवॉल्वर बरामद की गई. साथ ही रिवॉल्वर के छह जिंदा कारतूस भी जब्त किए. साक्ष्य छिपाने के तथ्य सामने आने पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं. थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मारपीट में इस्तेमाल लोहे का पाइप, असली रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, प्रकरण में आगे की जांच की जा रही है.
