
पन्ना, विगत दिवस उत्तर वनमण्डल पन्ना के पन्ना परिक्षेत्र अंतर्गत मनकी बीट कक्ष क्रमांक पी-390 में एक बाघिन का शव मिला था, जिसकी प्रारंभिक जांच में बाघिन की मौत क्लच वायर से बने फंदे में फंसने के कारण होने की आशंका जताई जा रही थी। राहत की बात यह रही कि बाघिन के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार के बाद अंग तस्करी की संभावनाओं से इनकार किया जा रहा है। घटना के बाद आज अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम व शवदाह की विधिवत प्रक्रिया पूरी की गई।
डॉग स्क्वाड ने खोला राज, संदिग्ध आरोपी के खेत तक पहुँचे सुराग – 26 नवंबर को घटना सामने आने के बाद एनटीसीए, नई दिल्ली और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, भोपाल के निर्देशानुसार घटनास्थल को सील कर सुरक्षित किया गया। शुक्रवार, 27 नवंबर को सतना और पन्ना पुलिस के डॉग स्क्वाड की मदद से इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दोनों डॉग स्क्वाड घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर स्थित उस राजस्व पट्टे की जमीन तक जा पहुँचे, जिस पर ग्राम मनकी निवासी रम्मू आदिवासी द्वारा गेहूं और सरसों की खेती की जा रही है।
ग्रामीणों ने किया वन अमले का घेराव, बदलना पड़ा पोस्टमार्टम स्थल – जांच और धरपकड़ की कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने संदिग्धों को छुड़ाने के लिए शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए वन कर्मचारियों का घेराव कर लिया। मौके पर बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों को देखते हुए वन विभाग को बाघिन का पोस्टमार्टम घटनास्थल के बजाय पन्ना स्थित स्मृति वन में कराना पड़ा।
आला अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार – स्मृति वन में पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र सिंह बुंदेला के दल ने बाघिन का पोस्टमार्टम किया। इसके पश्चात मुख्य वन संरक्षक (छतरपुर) नरेश सिंह यादव, उत्तर वनमण्डलाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, एनटीसीए प्रतिनिधि चन्द्रभान तिवारी, तहसीलदार पन्ना अखिलेश प्रजापति और वार्ड क्रमांक 23 की पार्षद पुष्पा देवी यादव की उपस्थिति में बाघिन के शव का विधिवत दाह संस्कार किया गया।
पांच संदिग्ध हिरासत में, एसटीएसएफ कर रही जांच – उत्तर वन मंडल के वनमण्डलाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर ग्राम मनकी निवासी रम्मू पिता बालकिसन आदिवासी और दिलदार पिता कन्हैया आदिवासी सहित उनके तीन अन्य परिचितों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय वन अमले के साथ-साथ मध्यप्रदेश स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स की टीम भी संयुक्त रूप से अग्रिम जांच और वैधानिक कार्रवाई कर रही
