भोपाल। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही पानी की किल्लत से राहत मिल सकती है। भोपाल रेल मंडल ने इसके लिए सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस व्यवस्था के तहत ट्रेन के किसी भी कोच की पानी की टंकी में जलस्तर 30 प्रतिशत से नीचे आते ही रेलवे के कंट्रोल रूम, ट्रेन सुपरवाइजर और अगले वाटरिंग स्टेशन के कर्मचारियों को ऑटोमैटिक अलर्ट और SMS मिलेगा।
इस तकनीक में इलेक्ट्रॉनिक सेंसर के जरिए हर कोच की पानी की टंकी पर नजर रखी जाएगी। इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) की मदद से पानी का रियल टाइम स्टेटस कंप्यूटर पर देखा जा सकेगा। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से करीब 30 मिनट पहले ही कर्मचारियों को पता चल जाएगा कि किस कोच में पानी भरने की जरूरत है। इससे मैन्युअल जांच में समय नहीं लगेगा और संबंधित कोच में पहले से रीफिलिंग की तैयारी की जा सकेगी।
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, पिछली गर्मियों के पीक सीजन में करीब 30 प्रतिशत लंबी दूरी की ट्रेनों में पानी की कमी की शिकायतें सामने आई थीं। सीनियर DCM सौरभ कटारिया ने बताया कि इस तकनीक का परीक्षण किया जा चुका है। सिस्टम के विस्तार के लिए पुराना टेंडर तकनीकी कारणों से निरस्त हो गया है और अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके बाद भोपाल रेल मंडल की अन्य प्रमुख ट्रेनों में भी यह सिस्टम लगाने की योजना है।
