ग्वालियर। नगर निगम संपत्ति कर वसूली को लेकर बहुत गंभीर है। इस बार निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 300 करोड़ वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसके लिए कर संग्राहकों, राजस्व निरीक्षकों और उपायुक्तों के लिए समय समय पर निर्देश जारी किये जा रहे हैं। इस बार आवेदन से लेकर उसके निराकरण तक के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्वालिरो नगर निगम के अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने संपत्ति कर से जुड़े अधिकारियों के लिए आदेश जारी कर आवेदनों के निराकरण और वसूली प्रक्रिया के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी है, अपर आयुक्त ने अपन आदेश में कहा कि नवीन आईडी के लिए ए आवेदन को कर संग्राहक अधिकतम दो दिन में तथा राजस्व निरीक्षक अधिकतम तीन दिन में फॉरवर्ड करेंगे। इसके बाद उपायुक्त द्वारा अधिकतम तीन दिन में आवेदन का निराकरण किया जाएगा।
इसी तरह नामांतरण संबंधी आवेदनों के लिए कर संग्राहक को न्यूनतम सात दिन तथा आरआई को न्यूनतम 15 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है। आवेदन दिनांक से कुल 21 दिन में सभी ऑनलाइन प्रकरण उपायुक्त को भेजे जाएंगे। संबंधित उपायुक्त ऑनलाइन प्रकरण प्राप्त होने के अधिकतम सात दिन में उनका निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
विज्ञप्ति नोटिस बोर्ड पर चस्पा करना अनिवार्य
अपर आयुक्त ने नामांतरण प्रकरणों में प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र की विज्ञप्ति वार्ड के नोटिस बोर्ड पर चस्पा नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए सभी कर संग्राहकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकाशित विज्ञप्ति को निर्धारित 15 दिन की अवधि के लिए वार्ड एवं क्षेत्रीय कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा करें।
