नई दिल्ली। 2027 में होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा आज शुक्रवार से दिल्ली में दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। 27 और 28 नवंबर को पूसा कैंपस में होने वाली इस बैठक में पार्टी के 107 राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दोनों दिन बैठक में शामिल हो सकते हैं।
बैठक की शुरुआत शुक्रवार शाम 5 बजे होगी। इसके लिए सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी दोपहर 3 बजे भाजपा मुख्यालय से बसों के जरिए पूसा कैंपस पहुंचेंगे। दो दिनों में कुल पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और पार्टी को मजबूत बनाने के मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह दूसरी बैठक होगी। बैठक के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी 107 पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था बैठक स्थल पर ही की गई है। प्रत्येक पदाधिकारी को अलग सिंगल रूम दिया गया है। साथ ही दो दिनों तक किसी भी पदाधिकारी के साथ निजी सहायक (पीए) को रहने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक रोडमैप को तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
