बुधनी। बुधनी-बरखेड़ा तीसरी रेलवे लाइन परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के बढ़े हुए मुआवजे का भुगतान नहीं होने पर न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है. वर्षों से मुआवजे की राशि का इंतजार कर रहे किसानों के मामले में जिला न्यायालय के आदेश पर रेलवे विभाग की भूमि को कुर्की की कार्रवाई में शामिल किया गया. न्यायालय की टीम राजस्व अमले के साथ होलीपुरा क्षेत्र पहुंची और रेलवे विभाग से संबंधित भूमि पर नियमानुसार कार्रवाई की.
दरअसल, वर्ष 2017-18 में बुधनी से बरखेड़ा तक तीसरी रेलवे लाइन के निर्माण के लिए शासन द्वारा आसपास के गांवों के किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया था. इसमें बांसापुर, माना, तालपुरा सहित अन्य गांवों के किसान प्रभावित हुए थे. प्रारंभिक मुआवजा राशि से असंतुष्ट किसानों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर न्यायालय की शरण ली थी. किसानों की ओर से भू-अर्जन अधिकारी एवं रेल विकास निगम को पक्षकार बनाते हुए प्रकरण प्रस्तुत किया गया था.
मामले की सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने किसानों के पक्ष में बढ़े हुए मुआवजे के भुगतान का आदेश पारित किया था. इस आदेश को रेलवे पक्ष द्वारा हाईकोर्ट जबलपुर में चुनौती दी गई, लेकिन जुलाई 26 में हाईकोर्ट ने जिला न्यायालय के आदेश को यथावत रखा. इसके बावजूद किसानों को बढ़ी हुई मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया. लंबे समय तक भुगतान नहीं होने के बाद किसानों ने न्यायालय में आदेश के निष्पादन की कार्यवाही शुरू कराई.
न्यायालयीन आदेश के पालन में जिला न्यायालय बुधनी द्वारा रेलवे विभाग की संपत्ति के संबंध में कुर्की के आदेश जारी किए गए. इसी क्रम में न्यायालय की टीम ने राजस्व अमले के साथ होलीपुरा क्षेत्र में खसरा नंबर 14/2/2, 14/5/2, 9/1/3/2 एवं 9/2/2 की भूमि को कुर्की की कार्रवाई में शामिल किया. इस प्रकरण में किसान सतेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह सहित अन्य किसानों की अधिग्रहित भूमि के बढ़े हुए मुआवजे का मामला शामिल है.
तीसरी रेलवे लाइन जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के लिए किसानों ने अपनी जमीन दी, लेकिन उचित मुआवजे के लिए उन्हें वर्षों तक कानूनी लड़ाई लडऩी पड़ी. अब देखना है कि रेलवे का अगला कदम क्या होगा.
