ग्वालियर लौटते ही एक्शन में एसएसपी, आरक्षक और रक्षित निरीक्षक को किया सस्पेंड

ग्वालियर। केंद्रीय जेल ग्वालियर में एक कैदी के लिये नई दिल्ली एम्स रेफर किये जाने के दौरान सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराने पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने आरक्षक देवेंद्र भदौरिया और रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश देते हुये 7 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।
जानकारी के अनुसार, कैदी नरहरि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। जेएएच ग्वालियर के डॉक्टरों ने बंदी की जांच कर और आगे के इलाज के लिये दिल्ली एम्स रेफर किया था। बंदी को ग्वालियर से दिल्ली जाने के लिये केंद्रीय जेल अधीक्षक ने कई बार रक्षित निरीक्षक ग्वालियर को पत्र भेजकर सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की थी।
जांच में सामने आया कि केंद्रीय जेल की ओर से पत्र भेजे गये थे, लेकिन रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने उनके पालन में लापरवाही बरतते हुये सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराये। वहीं रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार की ओर से भी पद पर रहते हुये अपना दायित्व नहीं निभाने की लापरवाही सामने आई। जिसके बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने इस मामले में रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस-जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर हाईकोर्ट ने जताई थी नाराजगी
इस मामले में हाल ही में पुलिस और जेल प्रशासन की संवेदनहीनता पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने बेहद सख्त रुख अपनाया था। कोर्ट ने दोनों विभागों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुये कहा कि पुलिस और जेल विभाग खुद को स्वतंत्र एजेंसी मान बैठे हैं और अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। साथ ही, कोर्ट से तथ्य छिपाने और भ्रामक शपथपत्र देने पर रक्षित निरीक्षक रंजीत सिंह सिकरवार के खिलाफ अदालत की अवमानना का अलग से केस दर्ज करने का आदेश दिया था।

Next Post

सीबीएसई बोर्ड 10वीं परीक्षा 2027 में 52 दिन बाकी, मॉडल आंसर जारी

Fri Nov 27 , 2026
ग्वालियर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। एग्जाम 17 दिसंबर फरवरी से शुरू होने वाले हैं। परीक्षा में केवल 52 दिन का समय बाकी है। इससे पहले सीबीएसई ने मॉडल आंसर 2026 जारी कर दिया है। जिसे बोर्ड की […]

You May Like