मंदाकिनी में बिना उपचारित सीवेज बहने पर 103 प्रतिष्ठानों को नोटिस


जबलपुर । धार्मिक नगरी चित्रकूट में पवित्र मंदाकिनी नदी में बिना उपचारित सीवेज प्रवाहित होने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निरीक्षण रिपोर्ट में सामने आया कि नगर के लिए प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) अब तक पूरा नहीं हुआ है। इसके चलते घरेलू अपशिष्ट जल के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं है और अनेक होटल, धर्मशाला, आश्रम व अन्य प्रतिष्ठानों से दूषित पानी सीधे अथवा नालों के माध्यम से नदी में पहुंच रहा है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सतना क्षेत्रीय कार्यालय ने ऐसी 103 इकाइयों को वैधानिक नोटिस जारी कर नदी में बिना उपचारित अपशिष्ट जल छोड़ना बंद करने और सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एनजीटी की केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ भोपाल में 23 नवंबर को न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति श्यो कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी की पीठ ने निष्पादन आवेदन पर सुनवाई की। बोर्ड की 10 अगस्त 2026 की रिपोर्ट के अनुसार एसटीपी निर्माणाधीन है और उसका संचालन भी प्रारंभ नहीं हुआ है।
निरीक्षण के दौरान मंदाकिनी नदी और प्रमुख नालों से जल नमूने लिए गए।

जांच में जल गुणवत्ता निर्धारित मानकों के भीतर मिली, लेकिन बोर्ड ने इसका कारण मानसूनी जल और नदी की स्वाभाविक स्वच्छीकरण क्षमता बताया। रिपोर्ट में बिना उपचारित सीवेज नदी में प्रवाहित होने की स्थिति भी दर्ज है। अधिकरण ने रिपोर्ट से ठोस एवं तरल अपशिष्ट के उत्पादन और उपचार के बीच अंतर तथा एसटीपी के संचालित नहीं होने की स्थिति सामने आने पर गौर किया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाने और अभियोजन की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा गया। आवेदक की ओर से नोटिसों की तामील के प्रमाण भी अभिलेख पर रखने की मांग की गई। अधिकरण ने प्रकरण की अगली सुनवाई छह जनवरी 2027 को निर्धारित की है।

Next Post

बप्पी लहरी के पास था इतना सोना, फिर भी कभी तराजू पर क्यों नहीं तौला अपना खजाना? जानें दिलचस्प किस्सा

Fri Nov 27 , 2026
Bappi Lahiri Birthday: मुंबई, बॉलीवुड के डिस्को किंग बप्पी लहरी अपने अनोखे म्यूजिक के साथ भारी-भरकम सोने की ज्वेलरी के लिए भी जाने जाते थे। जानिए वे क्यों अपने सोने का वजन कभी नहीं करते थे। भारतीय सिनेमा के म्यूजिक इंडस्ट्री में जब भी डिस्को युग की बात होती है, […]

You May Like