
उज्जैन। कान्ह डाइवर्सन के काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर संभागायुक्त आशीष सिंह ने 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए हैं। लगभग 866 करोड़ की लागत से हो रहे कान्ह डायवर्जन कार्य की टाइमलाइन जून 27 निश्चित है। संभागायुक्त आशीष सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल संसाधन तथा विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए की जिस कार्य के लिए जो टाइमलाइन निश्चित है उसके अनुरूप कार्य पूर्ण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभागायुक्त सिंह ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारियो को निर्देश दिए हैं कि मेला अवधि के लिए 2000 से अधिक बसों को हायर करते हुए उनके मूवमेंट का प्लान बनाया जाए। बसों के विभिन्न पॉइंट निर्धारित करते हुए इसका एक प्रेजेंटेशन तैयार कर आगामी बैठक में रखने के लिए कहा गया है। सिंहस्थ क्षेत्र में टेंट सिटी के अरेंजमेंट के लिए पीपीपी मॉडल पर लगभग 40 हजार डॉरमेट्री बनाई जाना है। जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण के मामले में विभिन्न विभागों की निर्माण एजेंसी को दी गई जांच रिपोर्ट पर उनके द्वारा क्या कार्रवाई की गई इसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट प्राप्त की जाए। बैठक में नगर निगम द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की गई। जिनमें चौराहों का काम हाथ में लिया जाए जहां कोई निर्माण कार्य शेष नहीं हों।
बैठक में यह विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में संभागीय अपर आयुक्त ऋजु बाफना, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट, स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी, नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टैगोर सहित विभागीय अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
