सहारा सिटी में भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा सिटी में बुधवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। परिसर के मुख्य गेट के पास पार्किंग में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही हैं, जबकि धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा है।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए 9 फायर स्टेशनों से 15 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पिछले साल नगर निगम ने सील किया था परिसर

हैरानी की बात यह है कि सहारा सिटी को पिछले साल नगर निगम ने कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के उल्लंघन के चलते सील कर दिया था। इसके बाद से परिसर लगभग खाली पड़ा था। यहां आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित था और सुरक्षा के लिए केवल दो गार्ड तैनात रहते थे। अक्टूबर 2025 में नगर निगम की कार्रवाई के बाद सहारा सिटी में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी परिसर खाली करना पड़ा था। यहां पहले आवास, गेस्ट हाउस, स्टेडियम, ऑडिटोरियम और पार्किंग जैसी सुविधाएं थीं।

आग की सूचना मिलते ही पहुंचीं दमकल की टीमें

आग की सूचना सबसे पहले गोमतीनगर फायर स्टेशन को मिली। वहां से एक दमकल यूनिट मौके पर पहुंची। इसके बाद गोमतीनगर और हजरतगंज से अतिरिक्त फायर टेंडर भेजे गए। दमकलकर्मी आग को फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। अपर नगर आयुक्त डॉ. अविनाश त्रिपाठी के मुताबिक, नगर निगम ने सहारा सिटी परिसर को सील किया था। घटना के समय वहां कोई नहीं रहता था। सुरक्षा के लिए केवल दो गार्ड तैनात थे। उन्होंने किसी के हताहत होने की जानकारी से इनकार किया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की कार्रवाई जारी है।

Next Post

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का एनपीए घटा, दिए गए ऋण में सालाना 18.8 फीसदी की वृद्धि

Thu Nov 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अंत तक सार्वजनिक बैंकों द्वारा दिया गया ऋण साल-दर-साल 18.8 प्रतिशत बढ़कर 127 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है जबकि बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार से गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) के अनुपात में गिरावट आई है। वित्त […]

You May Like