भोपाल। भोपाल में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो तैयार किया जा रहा है। भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में बनने वाले इस डिपो के पहले चरण पर 146 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यहां 6 नई अनुरक्षण लाइनें बनाई जा रही हैं। रेलवे ने सितंबर 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
डिपो तैयार होने के बाद वंदे भारत ट्रेनों का साप्ताहिक निरीक्षण करने के साथ मध्यम और लंबी अवधि का मेंटेनेंस भी भोपाल में हो सकेगा। इससे भोपाल मंडल में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। साथ ही स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित हो सकेंगी।
फिलहाल रानी कमलापति स्टेशन स्थित डिपो में वंदे भारत ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण किया जाता है। नए डिपो के अलावा एलएचबी कोच वाली ट्रेनों के रखरखाव के लिए भी 2 नई पिट लाइनें बनाने का प्रस्ताव है। इससे मौजूदा अनुरक्षण केंद्रों पर काम का दबाव कम होगा।
रेलवे बोर्ड ने इस परियोजना को 7 अक्टूबर 2025 को मंजूरी दी थी और निर्माण कार्य 13 जून 2026 से शुरू हुआ। फिलहाल प्रशासनिक भवन, वाशिंग पिट, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग और एसटीपी के निर्माण का काम जारी है।
इस संबंध में भोपाल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने परियोजना और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
