
चुरहट (सीधी)। जिले के चुरहट थाना अंतर्गत ग्राम बड़खरा 735 में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक पशुपालक के घर से 24 बकरियां चोरी कर लीं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों की चोरी होने से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़खरा 735 निवासी महेंद्र पाल पिता स्व. प्रेमलाल पाल के यहां यह घटना हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोरों ने रात करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया और 24 बकरियां लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है और क्षेत्र में पशु चोर गिरोह की सक्रियता को लेकर चर्चा हो रही है।
पीड़ित पशुपालक महेंद्र पाल ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरी गई बकरियों का पता लगाने और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
