भोपाल। मध्यप्रदेश में पुरातात्विक अवशेषों की उम्र का पता लगाने के लिए आधुनिक तकनीक की सुविधा शुरू हो गई है। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित की गई है। इसका नाम प्रसिद्ध पुरातत्वविद् डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के नाम पर डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला रखा गया है। 23 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस लैब का उद्घाटन किया।
इस लैब की मदद से करीब 10 लाख साल तक पुराने पुरातात्विक अवशेषों और भू-वैज्ञानिक घटनाओं की उम्र का पता लगाया जा सकेगा। इसके लिए ऑप्टिकली स्टिमुलेटेड ल्यूमिनेसेंस (OSL) और थर्मोल्यूमिनेसेंस (TL) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीक में मिट्टी और चट्टानों में मौजूद क्वार्ट्ज और फेल्डस्पार के कणों में जमा ऊर्जा की जांच की जाती है। इससे पता चलता है कि संबंधित अवशेष या मिट्टी आखिरी बार कब रोशनी के संपर्क में आई थी और उसके बाद कितना समय बीत चुका है।
लैब में TL/OSL रीडर, गामा-रे स्पेक्ट्रोमीटर, मैग्नेटिक सेपरेटर, एनालिटिकल सीव शेकर और केमिकल लैब जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं। इनकी मदद से सैंपल की जांच, उनमें मौजूद रेडियोएक्टिव तत्वों की मात्रा का पता लगाने और अलग-अलग आकार के कणों को अलग करने का काम किया जाएगा।
इस लैब से पुरातत्व के साथ-साथ पुराने जलवायु और पर्यावरण में हुए बदलावों पर शोध करने में भी मदद मिलेगी। खासतौर पर नर्मदा और चंबल घाटी में मिलने वाले पुरातात्विक अवशेषों के अध्ययन की नई संभावनाएं खुलेंगी। इसके लिए पुरातत्व विभाग, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI), बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पैलियोसाइंसेज और भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर शोध परियोजनाएं तैयार की जाएंगी।
अब तक OSL डेटिंग के लिए सैंपल अहमदाबाद, फरीदाबाद और हैदराबाद जैसे शहरों में भेजने पड़ते थे। लेकिन भोपाल में यह सुविधा शुरू होने से प्रदेश के वैज्ञानिकों और पुरातत्व विशेषज्ञों को स्थानीय स्तर पर ही जांच और शोध करने में मदद मिलेगी।
