डॉ संजय पयासी
सतना: पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का प्रदेश स्तरीय चिंतन शिविर चित्रकूट में आयोजित किया जा रहा है. शासन-प्रशासन के सहयोग से होने वाले इस शिविर की तैयारियां प्रारम्भ हो गई हैं. बताया गया है कि इसमें राष्ट्रीय स्तर के कई नेता भाग ले सकते हैं, मिल रही जानकारी के अनुसार शासन से सूचना मिलते ही प्रशासन के वरिष्ठ अमले ने चित्रकूट का भ्रमण कर आयोजन के स्थलों को अंतिम रूप दी है. दो दिवसीय शिविर में प्रदेश में अब तक हुए शासन के प्रयासों की समीक्षा के दौरान आला अधिकारियों के भी मौजूद रहने के संकेत मिल रहे हैं. 21 और 22 दिसम्बर को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए चित्रकूट में दो सौ से अधिक कमरे अभी से बुक करा दिए गए हैं.
इसके अलावा कमिश्नर रीवा शीलेन्द्र प्रताप सिंह, कलेक्टर डॉ एस सतीश,पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह एवं अनुविभाग के एस डी एम महिपाल सिंह ने संयुक्त बैठक ले मैदानी लोकसेवकों को व्यवस्था का दायित्व सौप दिया है. बताया गया है कि इस शिविर के लिए ओरछा, खजुराहो और पचमढ़ी पर भी विचार किया गया,लेकिन अंत में आयोजन के लिए चित्रकूट के नाम को अंतिम रूप दिया गया.फिलहाल प्रशासनिक सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार इस शिविर में सरकार के तीन साल के कार्यकाल की समीक्षा की जाएगी.
बकि पार्टी के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि उत्तरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस शिविर में रणनीतिक तौर पर विचार कर प्रदेश की सीमा से लगे 14 जिले की 49 विधानसभा क्षेत्रों के लिए दायित्व सौपे जाएंगे. यही वजह है कि इस शिविर में भाजपा के वो सभी पदाधिकारी शामिल होंगे जिन्हें पार्टी ने चुनाव की रणनीतिक जिम्मेदारी सौपी हैं. इनमे कई मोदी-शाह के करीबी भी शामिल हैं. इसके अलावा विंध्य की सीमा से लगी उत्तरप्रदेश के 13 विधानसभा क्षेत्रों पर भी विंध्य के नेताओं की भूमिका तय की जा सकती है. हालांकि अभी तैयारी शुरुआती दौर पर है, इसलिए फिलहाल शिविर को लेकर स्पष्ट जानकारी प्राप्त नही हो पा रही हैं. पर यह बताया गया है कि पूरा आयोजन गोपनीय रूप से संचालित होगा. इसका अभी से विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
