सीहोर। बुजुर्गों की समस्याओं के निराकरण और उन्हें राहत दिलाने के उद्देश्य से सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की बैठक आयोजित की गई.
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर गठित पंचायत की बैठक एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुई. इसमें कोर कमेटी सदस्य कमल सिंह ठाकुर एवं अनिल पालीवाल उपस्थित रहे. बैठक में बुजुर्गों से जुड़े चार प्रमुख मामलों की सुनवाई कर आपसी सहमति से निराकरण कराया गया.
पहले मामले में एक बुजुर्ग ने शिकायत की कि उनकी पत्नी लंबे समय से हृदय रोग से पीडि़त हैं और उनका उपचार चल रहा है. पड़ोस में तेज आवाज में साउंड बजाने से उनकी पत्नी की धड़कन बढऩे, सांस फूलने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने लगती हैं. डॉक्टर ने भी उन्हें तेज आवाज से दूर रहने की सलाह दी है. सुनवाई के दौरान पंचायत ने दूसरे पक्ष को समझाइश देते हुए कहा कि साउंड की आवाज घर की चहारदीवारी से बाहर तक पहुंचकर पड़ोसियों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए. विशेषकर बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और विद्यार्थियों का ध्यान रखना जरूरी है. पंचायत ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन होने पर साउंड जब्त करने के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है. समझाइश के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और तेज आवाज में साउंड नहीं बजाने का राजीनामा दर्ज किया गया.
दूसरे मामले में शहरी क्षेत्र के 70 वर्षीय बुजुर्ग ने शिकायत की कि उन्होंने 1700 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा है, लेकिन कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने उस पर अपना बोर्ड लगा दिया. साथ ही उन्हें प्लॉट पर जाने से रोका जा रहा है और धमकियां भी दी जा रही हैं. सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष ने प्लॉट की मार्किंग गलत होने की आशंका जताई. इस पर पंचायत ने दस्तावेजों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करने और बुजुर्ग को राहत देने के निर्देश दिए. पंचायत ने दूसरे पक्ष को बोर्ड हटाने, बुजुर्ग का बोर्ड लगाने तथा प्लॉट पर आने-जाने में किसी प्रकार की बाधा नहीं डालने की हिदायत दी.
तीसरे मामले में 75 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने दो बेटों पर विवाद, मारपीट और आर्थिक हिसाब नहीं देने के आरोप लगाए. सुनवाई के दौरान बेटों ने खेती और दूध की आय के रुपयों को लेकर विवाद होना बताया. पंचायत ने समझाइश देते हुए तय किया कि साढ़े तीन एकड़ जमीन पर बुजुर्ग अपनी इच्छा से खेती करेंगे और उनकी आय में से कोई भी बेटा रुपयों की मांग नहीं करेगा. भविष्य में विवाद नहीं करने की भी सहमति बनी. इस दौरान एक बेटे ने बुजुर्ग के पैर छूकर माफी मांगी.
चौथे मामले में एक बुजुर्ग ने मंदिर के पटेल के रूप में कार्य करते हुए पूर्व पटेल से जमा राशि का हिसाब और बैंक खाते का विवरण नहीं मिलने की शिकायत की. दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए. पंचायत ने निर्णय लिया कि चूंकि यह समाज के लोगों की राशि से जुड़ा मामला है, इसलिए समाज की पंचायत के समक्ष ही पूरा हिसाब प्रस्तुत किया जाए. इसके लिए दोनों पक्षों की सहमति से आगामी 5 दिसंबर की तारीख निर्धारित की गई.
