गर्मी आने से पहले ही शहर में जलसंकट के संकेत मिलने लगे

इंदौर: गर्मी आने से पहले ही शहर में जलसंकट के संकेत मिलने लगे हैं, कहीं पानी की सप्लाई कम हो रही है, तो कहीं प्रेशर घटने से परेशानी बढ़ गई है. दूषित पानी की समस्या ने भी रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है.जूनी इंदौर क्षेत्र के वार्ड 61 स्थित अलापुरा की गली नंबर 2 में रहवासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. यहां एक दिन छोड़कर महज आधे घंटे नर्मदा पानी मिलता है, उसमें भी प्रेशर इतना कम रहता है कि जरूरत के मुताबिक पानी भरना मुश्किल हो जाता है.

दूषित पानी की समस्या भी बरकरार है. सप्लाई के दौरान कभी-कभी गंदा पानी आने से रहवासियों को पूरा पानी फेंकना पड़ता है. मजबूरी में लोग आसपास के क्षेत्रों या पानी की टंकियों से पानी लाते हैं. कम पानी मिलने से घरेलू काम सफाई और बच्चों की जरूरतें प्रभावित होती हैं. रहवासियों को दूषित पानी से उल्टी-दस्त, पेट दर्द और अन्य जलजनित बीमारियों की आशंका बनी हुई है. रहवासियों ने बताया कि नर्मदा लाइन में कई जगह लीकेज होने से समस्या बढ़ रही है, जिसको देखते हुए रहवासियों ने लीकेज पाइपलाइन सुधारने, नियमित जल परीक्षण करने और पर्याप्त प्रेशर से सप्लाई की मांग की है.

यह बोले रहवासी…

हमारी गली में मात्र 20 मिनट पानी आता है, इसमें भी बीच में कभी भी गंदा पानी आने लगता है. अब ऐसे में यही पानी पीना पड़ता है या फिर टंकी से लाना पड़ता है.
– संतोष जायसवाल

नर्मदा लाइन से पानी का प्रेशर बहुत कम है, जिसकी वजह से लोगों को कम पानी मिलता है, हालांकि क्षेत्र में बोरिंग है, लेकिन मीठे पानी की जरूरत पड़ती है.
– नर्मदा बाई

जीने के लिए पानी अमूल्य है, इसे बचाना भी आवश्यक है. वहीं लोगों के लिए जल आपूर्ति सप्लाई भी जरूरी है. दूषित पानी का निराकरण करना भी जरूरी है.
– कुसुम तायड़े

जल्द नई पाइप लाइन डाली जाएगी, जिससे समस्या दूर हो जाएगी

क्षेत्र ऊंचाई पर होने से प्रेशर कम आता है. अमृत-2 योजना के तहत जल्द ही अलापुरा क्षेत्र में नई नर्मदा लाइन डाली जाएगी, जिससे पानी की आपूर्ति और शुद्ध पानी लोगों को मिलेगा.
– भावना चौधरी, पार्षद

Next Post

पारिवारिक विवाद में रिश्तेदारों ने युवक को घेरकर चाकू से गोदा

Thu Nov 26 , 2026
सीहोर। शहर के मंडी क्षेत्र में बुधवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान लईक के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और इसी बीच एक आरोपी ने धारदार हथियार […]

You May Like

मनोरंजन