सीहोर। शहर के मंडी क्षेत्र में बुधवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान लईक के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और इसी बीच एक आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी पसली पर वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल लईक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद क्षेत्र में पुलिस सक्रिय हो गई. मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंडी क्षेत्र में मुल्लाजी की दुकान के आगे डेयरी और सोनी टेलर वाली गली के पास हुई. बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. बुधवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इस दौरान कहासुनी बढऩे पर लईक को घेर लिया गया. आरोप है कि इसी बीच पास की चिकन दुकान से चाकू लाकर उस पर हमला किया गया. चाकू का वार पसली में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई. मृतक की दादी ने आरोप लगाया कि सलीम के बेटे ने लईक पर चाकू से हमला किया. वहीं परिजनों ने परिवार के अन्य लोगों पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं. घटना के समय लईक की मां ग्वालियर गई हुई थीं, जबकि पिता भी घर पर मौजूद नहीं थे. परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे. नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. विवाद के दौरान हुई बहस के बाद आरोपी ने छुरी से हमला कर दिया. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. शहर के व्यस्त मंडी क्षेत्र में हुई इस हत्या ने आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने और दिनदहाड़े हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है.
