इटारसी। जयस्तंभ चौक रोड पर लगाए गए बैरिकेड की अत्यधिक चौड़ाई को लेकर कांग्रेस के अनोखे विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद आखिरकार नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है और आज मौके पर बैरिकेड की चौड़ाई कम करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि कल कांग्रेस नेताओं ने जयस्तंभ चौक रोड पर यातायात और आमजन को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए सड़क पर ही खाट चौपाल लगाई थी तथा लूडो और कैरम खेलकर अनूठे अंदाज में प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया था। शहर भर में चर्चा का विषय बने इस रचनात्मक प्रदर्शन के दबाव के बाद अब नगर पालिका द्वारा बैरिकेड की चौड़ाई घटाकर करीब 3 फुट की जा रही है, जिससे जयस्तंभ चौक रोड से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
