
सीधी। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता के महान उपदेशक श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व नगर में अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सिंधी पंचायत समिति सीधी के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य धार्मिक महोत्सव में समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
प्रभातफेरी और शबद-कीर्तन से गूंजा नगर गुरुपर्व के उपलक्ष्य में लगातार आठ दिनों तक अमृतवेले संपूर्ण नगर में भव्य प्रभातफेरी निकाली गई, जिसका जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आत्मीय स्वागत किया। इसके साथ ही चार दिवसीय विशेष सत्संग एवं कीर्तन दरबार सजाया गया। मेरठ से पधारे ज्ञानी गुरमीत सिंह जी, भाई साहब सतनाम सिंह जी और भाई साहब करमजीत सिंह जी ने अपनी मधुर गुरुवाणी, शबद-कीर्तन और प्रवचनों से संगत को निहाल कर दिया। संतों ने नाम जपने, ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अंत में सिंधी पंचायत समिति सीधी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संत-महात्माओं, अतिथियों और सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भोग साहिब के बाद पंगत में ग्रहण किया लंगर
मुख्य पर्व पर दोपहर 1 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का भोग साहिब संपन्न हुआ। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक गुरु का अटूट लंगर चला, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक ही पंगत में बैठकर प्रेमपूर्वक प्रसादी ग्रहण की।
