रांची, 23 नवंबर (वार्ता) झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का सोमवार तड़के निधन हो गया।
वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई थी। सोमवार सुबह उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
अर्जुन मुंडा ने बताया कि कहा कि मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ़ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि ज़िंदगी का वो सबसे मज़बूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार आज ही संपन्न किया जाएगा। दोपहर 1 बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट, जमशेदपुर में उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
सीएम हेमंत सोरेन ने शोक जताया है और कहा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
माँ का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में श्री अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। मारांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी जताते हुए कहा कि प्रिय अर्जुन जी, आपकी पूज्य माता के निधन का समाचार सुनकर मन बहुत दुखी है। आपके शब्दों में एक बेटे की पीड़ा झलकती है। उम्र कितनी भी हो जाए, माँ सिर पर हाथ रख दे तो लगता है कि सब सँभल जाएगा।
पूज्य माताजी को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और आपको व आपके परिवार को यह वियोग सहने की शक्ति दें।ॐ शांति।
रांची से सांसद और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भी शोक जताया और लिखा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी के आज अहले सुबह हुए निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है। माँ का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अनमोल पूँजी होती है; किसी भी परिवार के लिए मां का जाना अपूरणीय क्षति है।
दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
